सड़कों की मरम्मत के लिए नहीं मिला अतिरिक्त बजट
अजमेर|शहर कीटूटी-फूटी सड़कों की मरम्मत के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग ने सरकार से अतिरिक्त बजट मांगा था। बजट नहीं मिलने से मरम्मत का काम अटक गया है। विभाग के पास सड़कों की मरम्मत के लिए 20 लाख रुपए का बजट था। विभाग ने यह राशि पूरी कर दी थी। शेष सड़कों की मरम्मत कराने के लिए विभाग ने सरकार से 40 लाख रुपए मांगे थे, लेकिन नहीं मिले। विभाग ने फिलहाल काम बंद कर दिया है। विभाग अब शहर में मिसिंग लिंक योजना के तहत सड़कों का डामरीकरण करा रहा है। बजट के बाद ही राशि मिलने की उम्मीद है। मालूम हो कि सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीन शहर के विभिन्न क्षेत्रों की 129 सड़कें आती हैं। इसकी लंबाई करीब 65 किलोमीटर होती है। इधर, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अशोक तंवर ने बताया कि सरकार से अतिरिक्त बजट मांगा है, जो शीघ्र मिलने की उम्मीद है।