एलबेंडाजोल दवा से छह बच्चों की तबीयत बिगड़ी
अजमेर| राष्ट्रीयकृमि मुक्ति दिवस पर बुधवार को बच्चों को दी गई एलबेंडाजोल-400 एमजी टैबलेट के सेवन से शहर के एक निजी स्कूल के छह बच्चों की तबीयत अचानक खराब हो गई। इनमें से दो बच्चों को जेएलएन अस्पताल के शिशु रोग विभाग में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। इस दवा से बच्चों की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने के बाद चिकित्सा अधिकारी हरकत में गए। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामलाल चौधरी ने अस्पताल में बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉ. चौधरी ने इसकी सूचना जयपुर निदेशालय को भेज दी है।
अंदरकोट स्थित ख्वाजा पब्लिक स्कूल में बच्चों को एलबेंडाजोल-400 एमजी टैबलेट की खुराक दी जा रही थी। दवा लेने के कुछ देर बाद ही छह बच्चों की तबीयत खराब होने लगी। कक्षा 8 में पढ़ने वाली आसिफा और नुमान बक्श बेचैनी महसूस करने लगी। स्कूल प्रबंधन ने दोनों छात्राओं सहित एक अन्य छात्र को जेएलएन अस्पताल के शिशु रोग विभाग में भर्ती करवा दिया। शाम तक हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।
तबीयत खराब के हो सकते हैं अन्य कारण
आरसीएचओडॉ. चौधरी ने बताया कि जो दवा वितरित की गई, वह पूरी तरह से सुरक्षित है। सील बंद डिब्बे में 200 गोलियां थीं। कहीं पर भी खुली दवा नहीं दी गई है। बच्चों की तबीयत खराब होने के पीछे अन्य कारण भी हो सकते हैं। इस दवा काे भूखे पेट या खाना खाने के बाद भी लिया जा सकता है। जो बच्चों को दवा दी गई, वह प्रतिष्ठित कंपनी की दवा है। डॉक्टरों का मानना है कि दवा के सेवन के बजाय बदहजमी भी हो सकती है। फिर भी विभाग मामले की जांच कर रहा है।
जेएलएन अस्पताल में बुधवार को भर्ती बच्चे।