रेलवे और रोडवेज बस स्टैंड पर लगेगी सिटी बस और ऑटो की किराया सूची
पटवारी भर्ती परीक्षा के मद्देनजर यातायात निरीक्षक की ओर से विशेष यातायात प्रबंध किए गए हैं। ब्यावर रोड की तरफ से आने वाले चौपहिया वाहन हजारी बाग पर खड़े होंगे। नसीराबाद, 9 नंबर एवं श्रीनगर की ओर से आने वाले चौपहिया वाहन कुंदन नगर रोड पर साइड में खड़े होंगे। जयपुर किशनगढ़ से आने वाले चौपहिया वाहन संयोगिता नगर पार्किंग स्थल कोर्ट के सामने खड़े होंगे। नागौर पुष्कर से आने वाले वाहन रीजनल कॉलेज के सामने चौपाटी पर रुकेंगे। इसी प्रकार सीकर, परबतसर और जनाना रोड की तरफ से आने वाले चौपहिया वाहन लाेहागल पंचशील नगर एमपीएस के पास नई चौपाटी पर खड़े होंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास कोई भी पार्किंग नहीं होगी। लो फ्लोर बसों का शहर के व्यस्ततम मार्गों पर प्रवेश निषेध रहेगा।
ट्रांसपोर्ट रिपोर्टर | अजमेर
परिवहनविभाग पटवारी भर्ती परीक्षा में आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सिटी बस एवं टेम्पो के किराए की सूचियों को बड़े फ्लैक्स के जरिए रेलवे और रोडवेज बस स्टैंड पर लगवाएगा। साथ ही शहर के सभी 106 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा छूटने पर सिटी बस एवं टेम्पो की सुविधा रहेगी। इसके लिए यूनियनों को परीक्षा केंद्रों की सूचियां रूटवार दे दी गई हैं।
गुरुवार को परिवहन कार्यालय में सिटी बस तथा टेम्पो यूनियन की संयुक्त बैठक जिला परिवहन अधिकारी प्रकाश टहलयानी ने परिवहन कार्यालय में ली। यूनियनों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा छूटने के समय वे परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त मात्रा में सिटी बसों तथा टेम्पो की व्यवस्था रखें। जैसे ही परीक्षा देकर परीक्षार्थी बाहर आएं, उन्हें वाहन उपलब्ध रहने चाहिए। परीक्षार्थियों को छतों पर यात्रा नहीं करवाएं। इसकी सख्ती से पालना करें। यूनियनों के जरिए सिटी बस तथा टेम्पो चालकों एवं परिचालकों को पाबंद भी किया गया है कि वे तय किराया ही परीक्षार्थियों से लें। किसी भी प्रकार की शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी। जिला परिवहन अधिकारी की ओर से ली गई बैठक में अजमेर ऑटो रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष करण सिंह, सिटी बस यूनियन के अध्यक्ष शक्ति सिंह, मुकेश यादव, गुलाबचंद बनिष्ठिया, भुवनेश शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
100बसों की रहेगी अतिरिक्त व्यवस्था
परिवहनविभाग की ओर से पटेल मैदान में परीक्षा छूटने के बाद 100 प्राइवेट बसों की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। एक दिन पहले ही बस ऑपरेटरों से विभाग के अधिकारियों ने बैठक की है। यह बसें रोडवेज के किराए के बराबर किराए में परीक्षार्थियों को ले जाएंगी। वहीं रोडवेज के अजमेर तथा अजयमेरू आगार की ओर से भी अतिरिक्त बसों के संचालन के लिए रूपरेखा तैयार की गई है।
करेंगेपूरी व्यवस्था
^रेलवेस्टेशन और बस स्टैंड पर सिटी बस तथा टेम्पो की किराया सूची के फ्लैक्स पटवारी परीक्षा के एक दिन पहले लगाए जाएंगे। प्रयास यह भी है कि सभी 106 परीक्षा केंद्रों के बाहर सिटी बसें एवं टेम्पो परीक्षा समाप्त होने पर उपलब्ध रहें। 100 प्राइवेट बसों की अतिरिक्त व्यवस्था भी अजमेर से अन्य शहरों में जाने के लिए रहेगी।’ -प्रकाश टहलयानी, डीटीओ, अजमेर