राशन कार्ड के लिए भटक रहे हैं कालबेलिया परिवार
अजमेर| जिलापरिषद में बुधवार को जिला प्रमुख वंदना नौगिया द्वारा आयोजित जनसुनवाई में कई प्रकरण आए। प्रमुख रूप से साढ़े तीन साल से राशन कार्ड के लिए भटक रहे कालबेलिया परिवारों का मामला था। जनसुनवाई में पेश की शिकायत में उन्होंने बताया कि राशन कार्ड नहीं बनने पर राशन सामग्री नहीं मिल रही है।
प्रभुलाल पंवार, भागचंद नायक ने बताया कि घुमंतू जाति के कालबेलिया जाति के 18 परिवारों को आवासीय पट्टे जारी कर ग्राम पंचायत रलावता का स्थाई निवासी तो बना दिया, लेकिन राशन कार्ड अब तक नहीं बने हैं। स्थानीय सरपंच ने बताया कि कालबेलिया जाति के परिवारों को राशन कार्ड नहीं बनाने का प्रस्ताव पंचायत की साधारण सभा में लिया गया है। इस पर नौगिया ने ग्राम सभा के प्रस्ताव सहित ग्राम सचिव को जिला परिषद कार्यालय में तलब किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में गोविंदगढ़ निवासी अब्दुल मजीद ने बिजली के करंट से बकरियां मरने पर डिस्कॉम से मुआवजा दिलाने, ग्राम पंचायत ब्रिक्चियावास निवासी दामोदर सोनी द्वारा गांव में गंदगी एवं पानी निकासी की समस्या, झड़वासा निवासी कमला देवी ने पट्टा निरस्त करने की शिकायत, नाका मदार निवासी मधु भार्गव द्वारा बीईईओ पीसांगन द्वारा स्थानांतरण पर भुगतान स्वीकृति कराने सहित अन्य शिकायतें आई। जनसुनवाई में अधिशासी अभियंता ग्रामीण विकास विभाग के कबीर अख्तर, अधिशासी अभियंता जलग्रहण विभाग जितेंद्र मैनारिया, मनरेगा अधिशासी अभियंता एनके टाक, जिला साक्षरता अधिकारी कमलेश यादव, कृषि विभाग उपनिदेशक वीके शर्मा आदि मौजूद थे।