रेलवे में सख्त कानून से रोकेंं भ्रष्टाचार
अजमेर| रेलबजट में भ्रष्टाचारियों पर सख्त कानून की मांग करते हुए आॅल इंडिया रेलवे अकाउंट्स एसोसिएशन ने रेल मंत्री सुरेश प्रभू को पत्र लिखा है। एसेसिएशन के जोनल महासचिव अशोक यादव ने बताया कि रेल बजट को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है। उन्होंने मांग की है कि रेलवे में पनप रहे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना चाहिए। रेल विभाग में भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्यवाही में महज औपचारिकता ही निभाई जाती है। जो भी रेल कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है तो कार्यवाही निलंबन तक सीमित रहती है। कर्मचारी काे निलंबन काल के दौरान 75 प्रतिशत वेतन का भुगतान भी करना पड़ता है। तय समय में कार्रवाई नहीं होने एवं लचर जांच का लाभ उठाते हुए कर्मचारी पुन: बहाल हो जाता है। यादव ने कहा कि अजमेर मंडल में उत्तर भारत का सबसे बड़ा रेलवे अस्पताल पिछले कुछ वर्षों से डॉक्टराें के अभाव में रैफरल अस्पताल बनकर रह गया है। रेलवे को हर साल करीब 10 करोड़ रुपए का निजी अस्पतालों को भुगतान भी करना पड़ रहा है। इस बजट में पर्याप्त डॉक्टर एवं मरीजों को बेहतर सुविधाएं दी जाएं।