सावर में बावन माता मंदिर की भूमि पर अवैध खनन की शिकायत
अजमेर|जिले केसावर में बावन माता मंदिर पर लंबे समय से हो रहा अवैध खनन बंद नहीं होने से आक्रोशित विश्व हिंदू परिषद ने गुरुवार को मंदिर पुजारी ग्रामीणों के साथ मिलकर कलेक्टर डॉ. आरुषि मलिक को शिकायत दर्ज कराई है। विहिप ने खान मालिक आैर माइनिंग विभाग की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह में अवैध खनन बंद नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। खनन में रोजाना ब्लास्टिंग होने से मंदिर आसपास के ग्रामीणों पर खतरा मंडरा रहा है। पुजारी आैर ग्रामीण दहशत में हैं। मंदिर पुजारी द्वारा पिछले पांच माह से की जा रही लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने खफा विहिप आंदोलन की रणनीति तैयार कर रहा है। इधर, खान मालिक का कहना है कि उसके पास माइनिंग लीज की एनआेसी है, पिछले 18 साल से यहां माइनिंग की जा रही है। खान मालिकों से अवैध वसूली करने वाला गिरोह सक्रिय है, वो इस तरह की शिकायतें कर रहा है।
विहिप के महामंत्री एडवोकेट शशि प्रकाश इंदौरिया के मुताबिक सावर स्थित बावन माता मंदिर के पुजारी प्रहलाद लाैहार ने जानकारी दी है कि मंदिर ट्रस्ट की 200 बीघा भूमि पर श्रेया माइंस द्वारा बगैर एनआेसी के खनन कार्य किया जा रहा है। यहां रोजाना ब्लास्टिंग से आसपास के क्षेत्र में कंपन, ध्वनि प्रदूषण आैर वायु प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। मंदिर पर आने वाले भक्तगण आैर आसपास के ग्रामीणों का मानवीय जीवन खतरे में है। सांवर सरपंच रंगलाल भील, पूर्व सरपंच रतनलाल कहार के साथ मंदिर पुजारी ने पिछले पांच माह में इस बारे में कई शिकायतें की, लेकिन कार्रवाई का नतीजा सिफर रहा। उनका आरोप है कि खान मलिक अशोक गुप्ता आैर माइनिंग विभाग में सांठगांठ है, इसलिए कार्रवाई नहीं हो रही। हर बार शिकायत पर जांच के नाम पर कागजी खानापूर्ति की जा रही है। सरपंच रंगलाल भील ने बताया कि इस बारे में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई, फिर भी खनन जारी है। पूर्व में कृष्ण वल्लभ पारीक द्वारा शिकायत दर्ज कराई थी, इसके बाद माइनिंग विभाग ने टीम गठित कर कार्रवाई के लिए भेजी। उपखंड अधिकारी केकड़ी द्वारा मौका रिपोर्ट तैयार की गई। खान मालिक द्वारा खान का मलबा सार्वजनिक निर्माण विभाग की खाली भूमि पर डाल रखा है। इससे सड़क संकरी हो रही है, रोजाना हादसे हो रहे हैं।