पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

भासकर खास

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सड़कें चौड़ी करने के लिए अवाप्त होंगे मकान दुकान

दरगाह कॉरिडोर के लिए जमीन अवाप्ति के लिए जल्द शुरू होगा सर्वे, कॉरिडोर पर 150 करोड़ रुपए खर्च होंगे

दरगाहक्षेत्र में सड़कें चौड़ी करने के लिए मकान दुकानों को अवाप्त किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही सर्वे शुरू होगा। अवाप्ति की कार्रवाई के बाद सड़कें चौड़ी करने का काम शुरू किया जाएगा। नसीराबाद में भी नगरपालिका का गठन करने के लिए सैन्य आबादी में आने वाले चार वार्डों का मामला रक्षा मंत्रालय को भिजवाया जाएगा।

जयपुर में चीफ सेक्रेटरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया। जिला कलेक्टर डाॅ. आरुषि मलिक समेत प्रशासनिक अधिकारी इस बैठक में मौजूद थे। दरगाह कॉरिडोर पर 150 करोड़ रुपए खर्च होंगे। प्रशासन की महावीर सर्किल से निजामगेट और निजाम गेट से त्रिपोलिया गेट होते हुए अढ़ाई दिन का झोपड़ा समेत अन्य मुख्य मार्ग की सड़कें 60 फुट चौड़ा करने की योजना है। दरगाह आने वाले रास्ते संकरे होने के कारण ख्वाजा साहब की दरगाह में आने वाले जायरीन को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

यहां हादसा या आग लग जाने की सूरत में अग्निशमन का वाहन तक नहीं पहुंच पाता। प्रशासन ने सड़कें चौड़ी करने का पूरा प्रस्ताव बनाया था। प्रस्ताव पर शनिवार को चर्चा करने के बाद चीफ सेक्रेटरी सीएस राजन ने सड़कें चौड़ी करने में आने वाली जमीन यानि दुकान मकानों को अवाप्त करने के निर्देश दिए। इस मामले में जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। यह सर्वे करवाया जाएगा कि कौन-कौन सी जमीन अवाप्ति में शामिल की जानी है। अवाप्ति के लिए प्रकाशन करने के बाद इसकी जद में आने वाले मकान दुकानों को अवाप्त कर सड़कों को चौड़ा किया जाएगा।

दरगाह क्षेत्र

नसीराबाद में नगरपालिका का गठन करने के लिए भी बैठक में चर्चा हुई। नगरपालिका के लिए 8 में से 4 वार्डों में सैन्य क्षेत्र की आबादी भी शामिल होने केे कारण इनका मामला रक्षा मंत्रालय को भिजवाने का निर्णय लिया। वहां की हरी झंडी मिलने के बाद नगरपालिका बनने का रास्ता साफ हो पाएगा। बैठक में जानकारी दी गई कि वार्ड एक में 4660 नागरिक आबादी है तो 2174 सैन्य आबादी की जनता है। वार्ड दो में 2042 नागरिक आबादी 5293 सैन्य आबादी, वार्ड तीन में 2160 नागरिक आबादी 4603 सैन्य आबादी और वार्ड आठ में 4416 नागरिक आबादी 1842 सैन्य आबादी है। इस प्रकार इन चार वार्डों में 13 हजार 192 सैन्य आबादी है। इसके लिए पहले रक्षा मंत्रालय की इजाजत लेनी होगी। उपखंड अधिकारी ने इस मामले में पूरा प्रस्ताव बनाया जो जिला कलेक्टर डाॅ. आरुषि मलिक ने चीफ सेक्रेटरी को सौंपा। मालूम हो कि नसीराबाद में वर्तमान में केंटोनमेंट बोर्ड होने के कारण शहर का विकास अवरूद्ध हो गया है। इसको देखते हुए नगर पालिका का गठन के लिए लंबे समय से मांग उठती रही है। एक वजह यह भी है कि नसीराबाद में छावनी बोर्ड पर राज्य सरकार के स्वायत्त शासन विभाग का कोई प्रत्यक्ष नियंत्रण नहीं होने से राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ यहां आम जनता को नहीं मिल पाता है।

खबरें और भी हैं...