दरगाह क्षेत्र की सड़कें होंगी 60 फीट चौड़ी नसीराबाद में बन सकती है नगरपालिका
ख्वाजासाहब की दरगाह में आने वाले जायरीन की तादाद और रास्तों में भीड़भाड़ से आए दिन होने वाले जाम को देखते हुए दरगाह क्षेत्र की सड़कें 60 फीट चौड़ी होंगी। दरगाह कॉरिडोर और दरगाह क्षेत्र के विकास पर 150 करोड़ रुपए खर्च होंगे। नसीराबाद में भी पहली बार नगरपालिका का गठन किया जा सकता है। इन दो महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर मुख्य सचिव शनिवार को सचिवालय में बैठक लेंगे। इसमें जिला कलेक्टर समेत आला अधिकारी भाग लेंगे। बैठक में इन मुद्दों पर गहनता से विचार विमर्श कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक महावीर सर्किल से निजामगेट और निजाम गेट से सोलह थंबा, ढाई दिन का झोपड़ा समेत अन्य मुख्य मार्ग की सड़कें 60 फीट चौड़ा करने की योजना है। दरगाह कॉरिडोर के नाम से इस योजना का खाका तैयार कर लिया गया है। दरगाह क्षेत्र से जुड़ने वाले प्रमुख काफी संकरे हैं। धानमंडी क्षेत्र में वाहन खड़े रहते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। आगजनी हादसे की स्थिति में अग्निशमन के वाहन अंदर तक नहीं जा सकते हैं। इन्हीं परेशानियों एवं जायरीन की सुविधा को देखते हुए मार्ग चौड़ा करने का निर्णय लिया गया है।
सड़क चौड़ी नहीं होने के कारण दरगाह बाजार में हमेशा ऐसे ही रहते हंै जाम के हालात।