मरीज के साथ ठगी करने का मामला उजागर
अजमेर|जेएलएन अस्पतालमें शुक्रवार को नेत्ररोग विभाग पहुंचे एक मरीज के साथ ठगी करने का मामला सामने आया। हुआ दरअसल यह कि नेत्ररोग विभाग में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने मरीज से टांके लगाने का धागा बाहर मेडिकल से लाने के लिए कहा। मरीज का भाई बाहर से धागा खरीद लाया। 1399 रुपए कीमत का यह धागा डॉ. को लाकर दिया गया। कुछ देर बाद दो पैरा मेडिकल स्टूडेंट्स यह धागा लेकर वापस उसी मेडिकल पर देकर पैसे लेने पहुंचे, मरीज के भाई ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। हंगामा खड़ा होते देख मौके पर भीड़ जमा हो गई। कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत कराया। बाद में अस्पताल में दोनों पक्षों का राजीनामा हो गया। पुलिस के मुताबिक इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई।