आवासों की कीमत तय करने के लिए भेजा प्रस्ताव
अजमेर| हाउसिंगबोर्ड ने किशनगढ़ और नसीराबाद आवासीय योजना में पहले आओ पहले पाओ योजना के तहत हाथों हाथ आवास बिकने के बाद अब मुख्यालय को अजमेर में भी योजना शुरू करने का प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव में आवासों की नई दर भी तय करने की मांग की है। बोर्ड के अजमेर में विभिन्न योजनाओं में बनाए गए 100 से अधिक आवास लंबे समय से कोशिशों के बाद भी नहीं बिक पाए हैं। बोर्ड ने हाल ही में चार और पांच फरवरी को किशनगढ़ और नसीराबाद आवासीय योजना में इस योजना के तहत 100 से अधिक आवास बेच दिए थे। बोर्ड ने अब अजमेर में दौराई, पंचशील और नाकामदार योजना में खाली पड़े आवासों को बेचने के लिए मुख्यालय से स्वीकृति मांगी है। बोर्ड ने एक साल पहले आवासों की दर तय की थी, लेकिन अब जमीन की दर और निर्माण लागत में काफी फर्क गया है, लिहाजा बोर्ड ने नए सिरे आवासों की कीमत तय करने की मांग की है। सूत्रों के अनुसार बोर्ड को इसी माह में खुली बिक्री योजना के तहत आवास बेचने की स्वीकृति मिलने की संभावना है। बोर्ड के आवास बिकने की एक वजह किश्तों पर भी आवास देना है। मालूम हो कि आवास नहीं बिकने से बोर्ड की तीन करोड़ रुपए से अधिक की आय अटकी हुई है।