प्रदेश के 90 डाकघरों में जल्द मिलेंगे रेलवे टिकट
अजमेर|प्रदेश के90 डाकघरों में रेल टिकटों की बिक्री जल्द शुरू हो सकती है। इसके लिए डाक विभाग ने रेलवे को प्रस्ताव भेज दिए हैं। प्रस्ताव पास होते ही इसकी शुरुआत कर दी जाएगी। यह जानकारी शुक्रवार को अजमेर आए मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ले. कर्नल डीकेएस चौहान ने पत्रकारों को दी। वे मुख्य डाकघर में आधुनिकीकृत डाक व्यवसाय केंद्र का उद्घाटन करने आए थे। चौहान ने कहा कि डाक विभाग ने अपनी छवि और कार्यों में समय की आवश्यकता के साथ बदलाव किए हैं। उन्होंने स्वीकारा कि अब चिट्ठियों के लिखने आैर पोस्ट करने का समय नहीं है, फिर भी सरकारी कार्यालयों, बैंकों एवं स्पीड पोस्ट की अन्य डाक को विभाग समय पर पहुंचाकर अपनी साख बरकरार रखे हुए है। आज प्रदेश के 1348 डाकघर पूरी तरह से कंम्प्यूटरीकृत हैं, जबकि अन्य को किया जा रहा है। प्रोजेक्ट ऐरो के तहत प्रदेश के कई डाकघरों का आधुनिकीकरण किया गया है। चौहान ने कहा कि बैकिंग में डाक विभाग ने अच्छा कार्य किया है। गत दिनों ही सीकर में मंत्री रविशंकर प्रसाद के आगमन पर प्रदेश के 35वें एटीएम की शुरुआत की गई थी। मार्च महीने के अंत तक प्रदेश में 64 और नए एटीएम शुरू किए जाएंगे। बैंकों के मुकाबले आज भी आम जनता का डाक विभाग पर भरोसा ज्यादा है। एक साॅफ्टवेयर के जरिए जयपुर शहर में सभी डाक डिब्बों की मॉनिटरिंग की जाती है, अब अजमेर में भी यह व्यवस्था लागू की जाएगी।