रावत-स्वास्तिक नगर में सड़क निर्माण का शुभारंभ
अजमेर|शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। सरकार ने आमजन को केंद्र में रखकर विकास की नई योजनाएं तैयार की है। हम सबको साथ लेकर सबका विकास करेंगे। विकास की यह रफ्तार और तेज होगी। अजमेर शहर विकास के नए सोपान तय करेगा।
शिक्षा राज्यमंत्री देवनानी ने रविवार को रावत नगर एवं स्वास्तिक नगर में 45 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष शिवशंकर हेड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में राजस्थान ने दो वर्षों में शानदार प्रगति की है। प्रदेश का हर क्षेत्र में विकास हुआ है। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में दो वर्षों में करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवाए गए हैं। विकास की यह रफ्तार आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा पिछले वर्ष आयोजित रिसर्जेंट राजस्थान में करीब तीन लाख करोड़ के एमओयू हुए हैं। यह निवेश राजस्थान की तकदीर और तस्वीर बदल देगा। हमारे युवाओं को रोजगार मिलेगा। राज्य सरकार भी रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए युवाओं को प्रशिक्षित कर रही है। प्रो. देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र ने पिछले दो सालों में शानदार प्रगति की है। शहर की गलियों और मुख्य मार्गों सहित सभी क्षेत्रों में सड़क पानी बिजली एवं अन्य विकास कार्य करवाए गए हैं। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि नागरिक उपस्थित थे।
सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करते राज्यमंत्री देवनानी।