प्रदर्शन कर रहे 16 कार्यकर्ताओं के वाहन किए सीज
वेलेंटाइन का विरोध कर रहे थे, पुलिस ने हेलमेट नहीं लगे होने पर किया चालान
क्राइमरिपोर्टर| अजमेर
बजरंगदल सहित अन्य हिंदूवादी संगठनों ने रविवार को वेलेंटाइन-डे पर पाश्चात्य संस्कृति से चोरी छिपे प्यार का इजहार करने वाले प्रेमी-प्रेमिकाआें से समझाइश की। दल की चार टीमें सुबह 10 बजे से ही शहर के चारों कोनों में वंदे मातरम, भारत माता की जय आैर जय श्री राम के नारे लगाते केसरिया पताका के साथ पहुंची। चौपाटी, फॉयसागर, आनासागर सहित अन्य स्थानों पर मिले प्रेमी-प्रेमिकाआें से समझाइश कर भारतीय संस्कृति अपनाने को कहा गया। बजरंग दल कार्यकर्ता जैसे ही इन स्थानों पर पहुंचे खलबली मच गई।
कई प्रेमी-प्रेमिकाआें ने वहां से भागकर पिंड छुड़ाया। इधर, आनासागर चौकी पर रैली के रूप में निकल रहे दल के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया, 16 वाहन सीज कर एमवी एक्ट में चालान काट दिए गए। जानकारी मिलते ही बजरंग दल की सभी टीमें, विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी सहित अन्य कार्यकर्ता पुलिस चौकी पहुंच गए। कार्यवाहक एसपी अवनीश कुमार की मौजूदगी में समझाइश वार्ता के बाद मामला शांत हुआ। विहिप के महामंत्री शशिप्रकाश इंदौरिया का कहना है चालान कार्यकर्ताओं की आेर से नहीं भरे गए। जबकि कार्यवाहक एसपी अवनीश कुमार शर्मा का कहना है कि चालान संबंधित वाहन चालकों द्वारा भरे गए उसके बाद वाहनों को छोड़ा गया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के महामंत्री शशिप्रकाश इंदौरिया ने बताया कि टीमों ने चंद्रवरदाई स्टेडियम, गुलाब बाड़ी, मदार, परबतपुरा, फॉयसागर, आनासागर चौपाटी, पुष्कर घाटी सहित अन्य क्षेत्रों में प्रेमी-प्रेमिकाआें से समझाइश की।
इधर, बजरंग दल ने वेलेंटाइन-डे के कार्ड्स की होली जलाई। भाजयुमो शहर जिला उपाध्यक्ष राहुल भारद्वाज बगरू के नेतृत्व में भी कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। इधर, युवा शिव सेना कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया। शहर के सभी मॉल्स, मुख्य रेस्त्रां आैर घूमने-फिरने वाले स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध थे। किसी युवती महिला के साथ बदतमीजी नहीं हो, इसलिए हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही थी।
विहिप : भारत माता के जयकारे लगाना अपराध है? पुलिस : कार्यकर्ताओं ने हेलमेट नहीं लगा रखे थे
बजरंगदल की एक टीम रैली के रूप में वंदे मातरम जयश्री राम, भारत माता की जय सहित अन्य देशभक्ति के नारे लगाते हुए फॉयसागर की आेर जा रही थी। इंदौरिया ने बताया कि पुलिस ने 16 मोटर साइकिल फॉयसागर चौकी के बाहर रोकी आैर सीज कर दीं। बाद में सभी गाड़ियों के चालान काट दिए गए। मौके पर मौजूद सीआे दरगाह दिलीप सैनी से जब पूछा गया कि वाहन सीज क्यों किए गए, क्या भारत माता की जय कहना अपराध है। इस पर पुलिसकर्मियों ने जानकारी दी कि ट्रैफिक डिप्टी ने सूचना दी थी कि कुछ लोग रैली के रूप में वाहनों पर लाठियों से लैस होकर निकले हैं, हुड़दंग होने का अंदेशा है। वाहनों को इस सूचना के बाद रुकवाया गया, लेकिन किसी ने भी हैलमेट नहीं लगा रखा था, तो किसी के पास लाइसेंस-आरसी सहित अन्य कागजात नहीं थे। इसलिए एमवी एक्ट में चालान काटे गए।
जमकरविरोध के बाद छोड़ दिए सभी वाहन: विहिपके महामंत्री शशिप्रकाश इंदौरिया का कहना है कि वाहनों के चालान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा नहीं भरे गए। विरोध के बाद पुलिस अधिकारियों ने अपनी गलती स्वीकार की आैर सीज वाहनों को छोड़ दिया गया।
चालानकी राशि वसूलने के बाद ही छोड़े गए वाहन: कार्यवाहकएसपी अवनीश कुमार शर्मा का कहना है कि कुल 16 गाड़ियों के एमवी एक्ट में चालान काटे गए थे। जुर्माना राशि वसूलने के बाद ही वाहन रिलीज कि गए। जुर्माना राशि संबंधित वाहन चालकों द्वारा जमा करवाई गई है।
वाहन रैली निकालते हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता।