पायलट का आभार व्यक्त करने कांग्रेसी आज जयपुर जाएंगे
अजमेर|शहर जिलाकांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता, पार्षद, अग्रिम संगठनों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों सहित कांग्रेसी कार्यकर्ता विजय जैन को शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाने पर सोमवार को प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट का आभार प्रकट करने जयपुर जाएंगे।
कांग्रेस कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार नवनियुक्त शहर अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्व में सोमवार को सुबह 7.30 बजे बाबू मोहल्ला स्थित कार्यालय से कांग्रेसी जयपुर के लिए रवाना होंगे और कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट का स्वागत कर धन्यवाद ज्ञापित करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष से मुलाकात के बाद ही कार्यभार ग्रहण करने का कार्यक्रम तय किया जाएगा। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन ने रविवार को शहर के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर शहर में कांग्रेस नई ऊर्जा नई शक्ति के साथ काम शुरू करेगी। विजय जैन ने सबसे पहले निवर्तमान अध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस के सचिव महेंद्र रलावता से उनके निवास पर मुलाकात की।