पुष्कर. पुष्कर नगरपालिका में काबिज भाजपाई बोर्ड की साधारण सभा में न केवल एक मिनट में पालिका का 26 करोड़ 56 लाख 73 हजार रुपए का अनुमानित सालाना बजट मंजूर हुआ, बल्कि सिर्फ 5 मिनट में बैठक संपन्न हो गई।
बैठक में बजट समेत सभी छह प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें से एक प्रस्ताव पर एक सदस्य ने आपत्ति प्रस्तुत की, बाकी सभी प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किए गए। बुधवार शाम 5 बजे पालिकाध्यक्ष कमल पाठक की अध्यक्षता में बोर्ड की साधारण सभा शुरू हुई। पालिका के ईओ गजेंद्र सिंह रलावता ने पालिकाध्यक्ष पाठक के आदेशानुसार बैठक की शुरुआत करते हुए सदन के समक्ष पालिका का वर्ष 2016-17 के लिए 2656.73 लाख रुपए का अनुमानित सालाना बजट अनुमोदन के लिए रखा।
खास बात यह है कि इधर ईओ ने सदन में बजट प्रस्ताव पढ़कर सुनाया और उधर, महेश पाराशर समेत सभी सदस्यों ने बिना किसी चर्चा के हाथ खड़े कर सर्वसम्मति से बजट का अनुमोदन करते हुए प्रस्ताव मंजूर कर दिया। बजट में पिछले साल के मुकाबले 1.15 करोड़ रुपए की वृद्धि की गई है।
सभा में इन पर भी चर्चा
बजट प्रस्ताव के बाद बैठक में राजकीय महाविद्यालय को खरेखड़ी रोड स्थित खसरा नं. 2148/2982 के रकबा 9.0300 हेक्टेयर में से 10 बीघा अतिरिक्त भूमि निशुल्क आवंटन करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया, जबकि जीएसएस निर्माण के लिए अजमेर डिस्कॉम को पूर्व में आवंटित भूमि के स्थान पर उसी खसरा नंबर 787 में से 3828.12 वर्ग गज भूमि दोबारा आवंटन के लिए प्रकरण राज्य सरकार को प्रेषित करने के प्रस्ताव पर पार्षद शिव स्वरूप महर्षि ने लिखित आपत्ति प्रस्तुत की। इस पर पार्षद महर्षि के अलावा बाकी सभी सदस्यों ने विधि सलाहकार की रिपोर्ट के साथ प्रस्ताव पास कर राज्य सरकार को भेजने का निर्णय किया।
ईओ रलावता ने बताया कि बैठक में सफाई, कचरा परिवहन व स्ट्रीट लाइट रखरखाव के ठेके का मार्च माह तक कार्योत्तर अनुमोदन, विविध कार्य, निविदाओं व विकास कार्यो की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति समेत कुल छह प्रस्ताव पारित किए गए। पांच मिनट चली बैठक के अंत में पालिकाध्यक्ष पाठक ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।