अजमेर। रामगंज इलाका स्थित सोमलपुर गांव में शुक्रवार को एक मकान में दबिश देकर पुलिस ने करोड़ों का किक्रेट सट्टा पकड़ा। मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार कर एक एलसीडी, 2 लैपटॉप आैर 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपियों ने पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि मकान शहर के एक कुख्यात सटोरिया का है। इधर, पुलिस टीम देर रात तक लैपटॉप में मिले आंकड़ों से सट्टे का हिसाब करने में जुटी रही। कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से कैश नहीं बरामद हुआ।
थानाप्रभारी भूपेंद्र सिंह शेखावत के मुताबिक खादिम मोहल्ला निवासी शहजाद अली चिश्ती, शीशाखान पीर रोड निवासी शहजाद अंसारी आैर पन्नीग्रान चौक निवासी निसार मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया। आरोपी शहजाद शहर के एक कुख्यात सटोरिया का करीबी बताया जा रहा है, वे आदतन सट्टा कारोबार में लिप्त है। साउथ अफ्रीका व इंग्लैंड आैर इंडिया व श्रीलंका के बीच 20-20 मैचों पर सट्टा लगाया जा रहा है। आरोपियों ने दिल्ली से लाइन ले रखी थी, राज्य के विभिन्न जिलों में लाइन दे रहे थे। आरोपियों से बरामद सभी मोबाइल में मिली सिमों की कॉल डीटेल रिपोर्ट (सीडीआर) तैयार करवाई जा रही है। इन नंबरों के आधार पर पुलिस सटोरियों के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाएगी। थानाप्रभारी शेखावत ने बताया कि दबिश की कार्रवाई के दौरान आरोपियों से कैश बरामद नहीं किया गया। मौके से बरामद दोनों लैपटॉप में करोड़ों का हिसाब मिला। उल्लेखनीय है कि 20-20 मैच शुरू होते ही शहर में सट्टा कारोबार बढ़ने लगा है। इससे पहले भी पुलिस टीम ने दबिश देकर कोतवाली आैर दरगाह इलाके में करोड़ों के सट्टा पकड़ा था। होलीधड़ा में एक मकान में पकड़े गए सट्टे में दुबई से सटोरियों की कनेक्टिविटी की बात सामने आई थी।
आरोपियों ने पूछताछ में मकान कुख्यात सटोरिया नफीस का होना बताया है। इस बारे में जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपियों से बरामद लैपटॉप में करोड़ों का हिसाब मिला है। कुल 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
चूनाराम, सहायक पुलिस अधीक्षक, सीआे साउथ