पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पटवारी भर्ती परीक्षा को लेकर 100 बसें अतिरिक्त चलाएगा परिवहन विभाग

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर. पटवारी भर्ती परीक्षा - 2016 में परीक्षार्थियों को यातायात साधन उपलब्ध करवाने के लिए परिवहन विभाग की ओर से 100 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही केंद्रों के पास परीक्षा समाप्ति के समय सिटी बसें एवं टेम्पो उपलब्ध रहे, इसकी भी व्यवस्था की जा रही है। परीक्षा 13 फरवरी को होनी है।
प्राइवेट बस ऑपरेटरों की एक बैठक इस सिलसिले में बुधवार को परिवहन कार्यालय में आयोजित की गई। विभाग की आेर से बस ऑपरेटर्स को बसें तैयार रखने के निर्देश जारी किए हैं। करीब 56 हजार परीक्षार्थी अजमेर जिले में परीक्षा देने आएंगे। परिवहन विभाग ने तय किया है कि बसों को सुबह से ही पटेल मैदान में खड़ा करवा दिया जाएगा। जिन्हें आवश्यकता के अनुरूप रोडवेज बस स्टैंड के बाहर से संचालित किया जाएगा। बस मालिकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने स्टाफ को पाबंद कर दें कि परीक्षार्थियों से किराया रोडवेज के किराए के बराबर ही लिया जाए।
इसके लिए एक रेट लिस्ट भी जारी की जाएगी, जो बस मालिकों को भेजी जाएगी। जिला परिवहन अधिकारी प्रकाश टहलयानी ने बुधवार को बस ऑपरेटरों की बैठक ली। इसमें बस ऑपरेटरों को बसों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए। द अजमेर रीजन प्राइवेट बस एसोसिएशन के संभाग अध्यक्ष नवीन सोगानी ने बताया कि चूंकि यह जनहित का कार्य है। बस ऑपरेटर इस कार्य में परिवहन विभाग का सहयोग करेंगे।
सिटी बसों एवं टेम्पो यूनियन की बैठक आज

परिवहन विभाग की ओर से सिटी बस एवं टेम्पो यूनियन की बैठक गुरुवार को आयोजित की जाएगी। इनमें यूनियनों को केंद्रों की सूची देकर पाबंद किया जाएगा कि वे परीक्षा के समाप्त होने वाले समय पर्याप्त मात्रा में वाहनों को वहां रखें, ताकि नगरीय वाहनों में मारामारी जैसी स्थिति नहीं बने।
परीक्षा 13 फरवरी को : रोडवेज ने भी की तैयारी

पटवारी भर्ती परीक्षा के लिए रोडवेज ने भी तैयारी की है। चीफ मैनेजर अजमेर आगार तेजकरण टांक एवं चीफ मैनेजर अजयमेरू आगार मोहनलाल शर्मा ने बताया कि आवश्यकता होने पर बसों के फेरों में इजाफा किया जाएगा। स्टाफ की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई जाएगी। परीक्षा छूटने के समय कुछ बसों को रोका जाएगा। ताकि बसों में पर्याप्त मात्रा में सवारियों को भरकर भेजा जा सके।
56 हजार परीक्षार्थी आएंगे अजमेर : परिवहन विभाग और रोडवेज को जिला प्रशासन से मिली सूचना के तहत करीब 56 हजार परीक्षार्थी विभिन्न जिलों एवं प्रदेश से अजमेर पहुंचेंगे। अजमेर से भीलवाड़ा जिले में 22 हजार परीक्षार्थी जाएंगे। जयपुर से अजमेर जिले में 38 हजार, सीकर जिले से 9 हजार तथा अन्य प्रदेशों से 10 हजार परीक्षार्थियों के आने की संभावना रहेगी।
रेलवे की विशेष तैयारी
रेलवे की ओर से 13 फरवरी को होने वाली पटवार भर्ती परीक्षा-2016 के लिए विशेष बंदोबस्त किए गए हैं। कुछ ट्रेनों में कोच बढ़ाए गए हैं। वहीं कुछ ट्रेनें अतिरिक्त भी चलाई जाएंगी।
परीक्षा स्पेशल रेल गाड़ियों का संचालन

जयपुर-अजमेर-जयपुर परीक्षा स्पेशल रेलसेवा : गाड़ी संख्या 09705, जयपुर-अजमेर परीक्षा स्पेशल जयपुर से 13 फरवरी को सुबह 6.45 बजे रवाना होकर सुबह 9.30 बजे अजमेर पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09706, अजमेर-जयपुर परीक्षा स्पेशल अजमेर से 13 फरवरी को शाम 4.05 बजे रवाना होकर शाम 6.30 बजे जयपुर पहुंचेगी।
अजमेर-उदयपुर -अजमेर परीक्षा स्पेशल रेलसेवा

गाड़ी संख्या 09601, अजमेर-उदयपुर परीक्षा स्पेशल अजमेर से 13 फरवरी को रात 3.40 बजे रवाना होकर सुबह 9.15 बजे उदयपुर पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09602, उदयपुर-अजमेर परीक्षा स्पेशल उदयपुर 13 फरवरी को शाम 4.20 बजे रवाना होकर रात 9.45 बजे अजमेर पहुंचेगी।
यह रहेगा ड्रेस कोड
परीक्षार्थी शर्ट, बिना जेबों वाली जर्सी या स्वेटर जिसके बटन छोटे हों, पहनकर आ सकेंगे। सूट, टाई, मफलर, जैकेट, कोट, ब्लेजर, जरकिन तथा शाॅल का उपयोग वर्जित रहेगा। ऐसे कपड़े जिनमें आपत्तिजनक सामग्री छुपाए जाने की संभावना हो, पहनकर नहीं आएं। शर्ट पर किसी प्रकार का बैज नहीं होना चाहिए। महिलाएं बालों में रबर बैंड या सादा किस्म की हेयर पिन लगाकर आ सकती हैं।
पटवारी भर्ती परीक्षा में बोर्ड के निर्देशों का करें पालन : सिंधी
पटवारी भर्ती परीक्षा-2016 के जिला प्रभारी अधिकारी सुरेश सिंधी ने बताया कि शनिवार दोपहर 12 से 3 बजे तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता परीक्षा में परीक्षार्थी राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड के निर्देशों की पालना करें।
सिंधी ने बताया कि परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट से ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड करेंगे। प्रवेश पत्र एवं एक मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र जैसे मतदाता पहचान कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक साथ में लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र पर तलाशी के बाद 11 बजे प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को अपने साथ नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, नीला पारदर्शी बाॅल पेन एवं चिकनी सतह का एक गत्ता (बोर्ड या तख्ती) लाने की अनुमति बोर्ड द्वारा प्रदान की गई है।

बोर्ड द्वारा घड़ी, मोबाइल फोन, ब्ल्यू टूथ डिवाइस, संचार उपकरण, किताब, नोटबुक, पर्ची, कैलकुलेटर, बैग एवं पर्स को परीक्षा केंद्र में लाना प्रतिबंधित किया है। परीक्षा के दौरान नकल करने के लिए अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया किया जाएगा। ऐसे परीक्षार्थियों को बोर्ड द्वारा भविष्य में होने वाली परीक्षाओं के लिए रोक लगाई जा सकती है।
खबरें और भी हैं...