अजमेर. एसीबी ने टोंक जिले के टोडाराय सिंह कस्बे की ग्राम पंचायत कैलाशपुरा का झोपड़ा के पटवारी रमेशलाल जाखड़ को एसीबी विशेष कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पटवारी को एसीबी अजमेर यूनिट ने 6000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
आरोपी पटवारी रमेशलाल जाखड़ ने कैलाशपुरा का झोपड़ा निवासी प्रह्लाद प्रजापत से सिवायचक पर अतिक्रमण की भूमि का गश्त इंद्राज कर नोटिस जारी करने की एवज में 10 हजार रुपए की मांग की थी। परिवादी ने अजमेर एसीबी को शिकायत की तो एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया और आरोपी को परिवादी के घर पर से ही 6 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल परिवादी और पटवारी के बीच 8 हजार में सौदा तय हुआ था। एसीबी के ट्रैप के बाद पटवारी रुपए फेंककर भागने लगा था, उसे एसीबी के अधिकारियों ने पकड़ लिया। एसीबी इंस्पेक्टर इस्माइल खान के अनुसार परिवादी प्रह्लाद प्रजापत और उसका चचेरा भाई शिवजी लाल दोनों ने ही सिवायचक भूमि पर अतिक्रमण साबित करने के लिए पटवारी से सौदा किया था।