अजमेर/मदनगंज-किशनगढ़। किशनगढ़ में पटवारी भर्ती परीक्षा देने आया अभ्यर्थी शनिवार सुबह चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और अजमेर के जेएलएन अस्पताल में उसकी मौत हो गई। अभ्यर्थी अजमेर से जल्दबाजी में उदयपुर-जलपाईगुड़ी ट्रेन में बैठ गया था, इस ट्रेन का स्टॉपेज किशनगढ़ रेलवे स्टेशन नहीं है, यही कारण है कि उसने चलती ट्रेन से छलांग लगाकर उतरने की कोशिश की थी।
जीअारपी चौकी प्रभारी रघुराज ने बताया कि हादसे का शिकार हुआ अभ्यर्थी
जयपुर के सूरजपोल अनाज मंडी निवासी शंकरदयाल कोली (24) पुत्र रमेशचंद्र था। उसका किशनगढ़ में सेंटर आया था। शंकर के बड़े भाई का सेंटर अजमेर आया था।
शनिवार सुबह शंकरदयाल अपने भाई को अजमेर छोड़ने के बाद किशनगढ़ रवाना हुआ तो वह उदयपुर-जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस में चढ़ गया। उसे यह जानकारी नहीं थी कि इस ट्रेन का किशनगढ़ स्टेशन पर स्टॉपेज नहीं है। इससे वह घबरा गया और किशनगढ़ प्लेटफाॅर्म से गुजरने के दौरान ट्रेन कुछ धीमी हुई तो वह कूद गया। पटरियों के बीच गिरने के कारण उसके दोनों पांव कट गए। जीआरपी उसे किशनगढ़ राजकीय अस्पताल ले गई, जहां से उसे जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मजदूर पिता की उम्मीद था शंकर
मृतक शंकरदयाल के पिता रमेश चंद्र भवन निर्माण कारीगर हैं। उनके तीन पुत्रों में सबसे बड़ा शंकर था। बीए करने के बाद शंकर नौकरी की तलाश में था। शंकर और उसका छोटा भाई किशन पटवारी परीक्षा के अभ्यर्थी थे। दोनों शुक्रवार रात को अजमेर अपने रिश्तेदार के घर आ गए थे। शंकर का परीक्षा केंद्र किशनगढ़ था, जबकि किशन का केन्द्र अजमेर में ही था।