मदनगंज-किशनगढ़। राजकीय स्कूलों में अब बजट का आवंटन स्टाफिंग पैटर्न के अाधर पर किया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग के वित्तीय सलाहकार ने नया प्रारूप जारी किया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग में बजट नियंत्रण करने व डिमांड के अनुसार बजट देने के लिए यह प्रावधान किया गया है।
ताकि स्कूलों में बजट समय पर मिल जाए और स्कूल विकास का कार्य हो सके। समय पर सभी प्रकार के कार्य संपादित हो सके। मालूम हो कि एलीमेंट्री सैटअप का समायोजन माध्यमिक सैटअप में हो गया है। इस कारण स्टाफिंग पैटर्न की आवश्यकता हुई है। वेतन राशि संस्थाप्रधान के अधिकार में रहेगी।
इस आधार पर जारी होगा स्कूल का वेतन बजट
आईएफएम (इंस्टिट्यूट आफ फाइनेंस मैनेजमेंट) ने 11 बिंदुओं का आवेदन स्कूलों को भेजा और संस्थाप्रधानों से कहा कि वे इनका पूरा ध्यान रखकर भेजे। उनकी जरा सी चूक से या गलत जानकारी देने का असर स्कूल बजट पर पड़ेगा। आईएफएम के अनुसार बजट मॉडल में स्कूल देखकर आवश्यक राशि की सही गणना करने, अधिक राशि मिलने पर तुरंत सरेंडर करने, आवेदन डाक से ही भेजने, फरवरी माह के अंत तक वेतन की गणना करने, निजी अस्पताल में उपचार कराने वाले कार्मिक बजट का मांग पत्र सीधे निदेशालय नहीं भेजना होगा उसे पहले जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेजना होगा। इसके साथ अन्य कई हिदायत दी संस्थाप्रधान को दी गई है। राजकीय शार्दुल उच्च माध्यमिक स्कूल के संस्थाप्रधान प्रेमचंद अजमेरा ने बताया कि स्कूल समायोजन के बाद अब एलिमेंट्री सेटअप को भी माध्यमिक सेटअप में शामिल कर लिया गया है। इस कारण एसवाईडीसी, मेडिकल व अन्य कार्मिक बिल आईएफएम की वेबसाइट पर आॅनलाइन प्रतिमाह भरा जाता है और इसी आधार पर वेतन व स्कूल विकास की राशि आती है।
राशि सीधे संस्था प्रधान को
समायोजन से पूर्व वेतन राशि ब्लाक प्रारभिंक शिक्षा विभाग के पास एलिमेंट्री सेटअप का बजट आता था। इन्हें माध्मिक सेटअप में समायोजित कर दिया गया। जानकारी संस्थाप्रधान को आईएफएम के वेबसाइट पर आनलाइन करनी होगी। संस्थाप्रधान के जरिए वेतन मिल सकेगा।
इसलिए हुई आवश्यकता
शिक्षा विभाग में लागू हुए नए स्टाफिंग पैटर्न से स्वीकृत पदों में कमी या बढोत्तरी होने से स्कूलों में समय पर, पर्याप्त राशि का आवंटन नहीं हो पा रहा था। समय पर बजट न मिलने से कई प्रकार के कार्य बाधित होते थे। इस समस्या के निस्तारण के लिए स्टाफिंग पैटर्न के आधार पर वेतन बजट जारी करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए वित्तीय सलाहकार ने स्कूलों से नई आईडी सहित स्वीकृत व रिक्त पदों की सूचना मांगी है। वित्तीय सलाहकार 11 विन्दुओं का आवेदन स्कूलो को भेजा है। जिन्हें संस्थाप्रधान/लेखाधिकारी को भरकर देना है। आवेदन के साथ आठ बिंदुओं का निर्देश भी जारी किया गया है।