अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा कृषि विभाग में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए संवीक्षा परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गईं। पहले दिन कृषि अनुसंधान एवं सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी पदों के लिए परीक्षाएं आयोजित हुईं।
कृषि विभाग की परीक्षाएं दो पारियों में आयोजित की गईं। सुबह 10 से 12 बजे कृषि अनुसंधान अधिकारी (एग्रोनॉमी) 2014 परीक्षा शहर के तीन परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन रूप में आयोजित हुई। इधर सहा. कृषि अनुसंधान अधिकारी (प्लांट पैथोलॉजी) 2014 परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक किया गया। सचिव भगवत सिंह राठौड़ के मुताबिक कृषि अनुसंधान अधिकारी (एग्रोनॉमी) में 57.65 प्रतिशत उपस्थिति रही, जबकि सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी (प्लांट पैथोलॉजी) में 50.26 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे।
आज ये परीक्षा होगी : आयोग के कार्यवाहक सचिव भगवत सिंह राठौड़ के मुताबिक बुधवार को कृषि अनुसंधान अधिकारी (एंटोमालॉजी) 2014 परीक्षा का आयोजन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक अजमेर में ही होगा। दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी (एग्रोनॉमी) और सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी (हॉर्टिकल्चर) 2014 परीक्षाओं के आयोजन ऑनलाइन रूप में अजमेर में ही होंगे।
डॉ. पंवार ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण : आरपीएससी अध्यक्ष डाॅ. ललित के. पंवार ने मंगलवार को शहर के 3 परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने आर्यन कॉलेज, आर्यभट्ट कॉलेज और एआईटी में पहुंचे। उन्होंने परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।