पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पटवार भर्ती परीक्षा 13 को, जिले के 159 केंद्रों पर 55 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर. पटवार भर्ती परीक्षा 13 फरवरी को आयोजित होगी। जिलेभर में इस परीक्षा के लिए 159 परीक्षा केंद्रों बनाए गए हैं, जहां कुल 55 हजार 248 परीक्षार्थी प्रतियोगी परीक्षा देंगे। जिले से लगभग 22 हजार अभ्यर्थी भीलवाड़ा जिले में परीक्षा देने जाएंगे। उत्तर प्रदेश, हरियाणा व दिल्ली सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अजमेर में परीक्षा देने के लिए आएंगे।
कहां-कहां कितने केंद्र, कितने परीक्षार्थी : अतिरिक्त जिला कलेक्टर किशोर कुमार ने बताया कि पटवार भर्ती परीक्षा शनिवार 13 फरवरी को दोपहर 12 से 3 बजे तक आयोजित की जाएगी।
अजमेर जिले में इसके लिए कुल 159 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। इनमें से शहर में 106, ब्यावर में 34, किशनगढ़ में 15 आैर नसीराबाद में 4 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर कुल 55 हजार 248 परीक्षार्थी प्रतियोगी परीक्षा देंगे। शहर में 38 हजार 480, ब्यावर में 10 हजार 144, किशनगढ़ में 5 हजार 304 आैर नसीराबाद में 1 हजार 320 परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं।
यूपी, हरियाणा व दिल्ली सहित अन्य राज्यों से भी आएंगे परीक्षार्थी : पटवार भर्ती परीक्षा के लिए अजमेर जिले से लगभग 22 हजार अभ्यर्थी भीलवाड़ा जिले में परीक्षा देने जाएंगे। इसी तरह जयपुर जिले के लगभग 38 हजार, सीकर जिले के 9 हजार आैर उत्तर प्रदेश, हरियाणा व दिल्ली सहित अन्य राज्यों से लगभग 10 हजार परीक्षार्थी अजमेर में परीक्षा देने के लिए आएंगे।
सतर्कता दल रखेंगे परीक्षा केंद्रों पर निगरानी : परीक्षा की निगरानी के लिए 34 सतर्कता दल आैर उप समन्वयक बनाए गए हैं। अजमेर में 21, ब्यावर में 6, किशनगढ़ में 3 आैर नसीराबाद में एक सतर्कता दल परीक्षा केंद्रों पर प्रभावी निगरानी रखेंगे।
जरूरतों के मद्देनजर मिलेगी हर सुविधा
- रोडवेज की हर रूट पर अतिरिक्त बसें, ट्रेनों में अतिरिक्त कोच व स्पेशल ट्रेन भी : परीक्षार्थियों के आवागमन की सुविधा के लिए रोडवेज द्वारा जयपुर-अजमेर, अजमेर-सीकर आैर अजमेर-भीलवाड़ा मार्ग पर 12 व 13 फरवरी को अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। इसी प्रकार रेलवे द्वारा जयपुर आैर भीलवाड़ा के लिए संचालित होने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। रेलवे द्वारा जयपुर-अजमेर के मध्य एक विशेष परीक्षा रेल भी चलाई जाएगी।
- परीक्षा वाले दिन टेम्पो, सिटी बसों के फेरों की संख्या बढ़ेगी : परीक्षा के जिला प्रभारी अधिकारी सुरेश सिंधी ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन आैर बस स्टैंड से परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने के लिए टेम्पो, सिटी बसों के फेरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
- ठहरने के लिए निशुल्क मिलेंगे रैनबसेरे, होटलों में अभ्यर्थियों को मिलेगा प्राथमिकता से कमरा : अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए नगरीय निकायों द्वारा रैनबसेरों की निशुल्क व्यवस्था की जाएगी। परीक्षा केंद्र वाले शहरों में स्थित धर्मशालाओं एवं होटलों को भी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता के साथ ठहराने के लिए निर्देशित किया है।
- स्टेशन व बस स्टैंड पर रहेंगी दो एंबुलेंस मुस्तैद : चिकित्सा विभाग द्वारा रेलवे स्टेशन आैर बस स्टैंड पर एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी।
अफवाहों से बचें अभ्यर्थी
परीक्षा में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध आैर तैयारियों को लेकर मंगलवार को एडीएम किशोर कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें अफसरों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर किशोर कुमार ने बताया कि पुलिस आैर प्रशासन मिलकर पटवार भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए मुस्तैद हैं।
अभ्यर्थियों तथा अभिभावकों से अफवाहों से बचने की अपील की गई है। इस अवसर पर रोडवेज के मुख्य प्रबंधक तेजकरण टांक, पुलिस उप अधीक्षक भंवर सिंह, सीआे ट्रैफिक अदिति कांवट, हीरालाल सैनी, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक जौहरी, सुशील गहलोत, किशनगढ़ उपखंड अधिकारी अशोक कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
खबरें और भी हैं...