अजमेर। प्रस्तावित हवाई अड्डा निर्माण को लेकर सर्वे कार्रवाई के लिए पहुंचे विमानपत्तन अधिकारियों को शनिवार को ढाणी राठौड़ान के ग्रामीणाें ने बंधक बना लिया। पुलिस के दखल के बाद अफसरों को मुक्त कराया गया।
विमानपत्तन के संयुक्त निदेशक अजय मीणा व एजीएम जेके चांदना दिल्ली से आई सर्वे टीम के साथ ढाणी राठौड़ान शनिवार सुबह 11 बजे सर्वे कर रहे थे। इस दौरान सेंट्रल लाइन मिलाने को लेकर जेसीबी से खुदाई कार्य शुरू किया गया। ढाणी राठौड़ान के ग्रामीणों ने सर्वे कार्रवाई का विरोध करते हुए सामान छीनकर गाड़ी में रखवा दिया और अधिकारियों को गांव में बने ठाकुर जी मंदिर के पास ले गए।
ग्रामीणों ने न्याय मिलने तक अधिकारियों को मुक्त करने से इनकार कर दिया। शहर थाना प्रभारी गोमाराम मय जाप्ता तथा गांधीनगर थाना प्रभारी लक्षमणराम विश्नोई मौके पर पहुंचे और विमानपत्तन के अधिकारियों व कर्मचारियों को मुक्त कराया। तहसीलदार मदन सिंह हाड़ा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी ग्रामीणों से समझाइश की। पुलिस अधिकारियों व तहसीलदार ने गांववासियों की समस्या सुनी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उनकी समस्या स्थानीय प्रशासन ही सुलझा सकता है। पूरा घटनाक्रम करीब तीन घंटे तक चला। विरोध जताने वालो में प्रताप सिंह, दशरथ सिंह, कान सिंह, सलीम मोहम्मद, रणजीत सिंह, एजाज, अमजद,इसहाक, हरिराम चौधरी, करण सिंह, श्रवण सिंह, दातार सिंह,अभय सिंह,रामसिंह, विक्रम सिंह, दीपक, दुर्गा सिंह, हिम्मत सिंह तथा अन्य ग्रामीण शामिल थे।
आगे की स्लाइड में घटना का कारण विस्तार से