पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अजमेर डेयरी में निकलेंगी बंपर नौकरियां, धनतेरस से फ्लेवर्ड मिल्क का स्वाद

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर . अजमेर डेयरी में अब जल्द ही नौकरी के द्वार खुलेंगे। पिछले 29 वर्षों में डेयरी में किसी तरह की भर्ती नहीं हो सकी है। रिक्त पदों की सीधी भर्ती अजमेर डेयरी द्वारा किए जाने का प्रस्ताव आरसीडीएफ को भिजवाया गया है। अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने यह जानकारी पत्रकारों को दी।
बताया कि धनतेरस से उपभोक्ता अजमेर डेयरी के फ्लेवर्ड मिल्क का स्वाद चख सकेंगे। उपभोक्ता अब डेयरी के उत्पाद से संबंधित शिकायतें अजमेर डेयरी के टोल फ्री नंबर पर दर्ज करा सकेंगे। बूथ एजेंटों का बीमा भी दिवाली तक करा दिया जाएगा। 25 सितंबर को होने वाली आमसभा में 500 करोड़ से अधिक के बजट का अनुमोदन किया जाएगा।

अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि आरसीडीएफ द्वारा संघ के दस कैडर के रिक्त पदों में से 30 प्रतिशत पदों पर सीधी भर्ती की अनुमति अजमेर संघ को दी गई थी, लेकिन यह भर्ती वर्ष 2010 से 2014 के बीच रिक्त हुए पदों में से 30 प्रतिशत पदों पर करने की अनुमति दी थी।
संघ ने इसका विरोध करते हुए वर्ष 1985 से लेकर अब तक सेवानिवृत्त होने वाले सभी पदों पर अजमेर संघ द्वारा ही किए जाने का प्रस्ताव पारित कर आरसीडीएफ को भिजवाया गया है। वहां से अनुमति मिलने पर सीधी भर्ती की जाएगी।
दूध की क्वालिटी उत्तर भारत में सर्वोत्तम

डेयरी अध्यक्ष चौधरी ने दावा किया कि अजमेर डेयरी की क्वालिटी का दूध पूरे उत्तर भारत के दूध की डेयरी के दूध की क्वालिटी में सर्वोत्तम है। अजमेर डेयरी की 175 समितियों पर बीएमसी (बल्क मिल्क कोल्ड) मशीन लगी हुई है।
बताया कि अजमेर डेयरी अपनी समितियों से चार डिग्री पर कोल्ड चेन से जुड़ी हुई है। इससे अजमेर डेयरी के दूध की क्वालिटी सर्वोत्तम है।

सुनेंगे किसानों की समस्याएं

अजमेर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की 24वीं वार्षिक आमसभा 25 सितंबर को जवाहर रंगमंच पर आयोजित होगी, जिसमें वर्ष 2015-16 का पांच सौ करोड़ से भी अधिक राशि के प्रस्तावित बजट का अनुमोदन किया जाएगा।
डेयरी अध्यक्ष चौधरी ने बताया कि आमसभा के मुख्य अतिथि राज्य के जल संसाधन मंत्री प्रो. सांवरलाल जाट होंगे तथा अध्यक्षता सहकारिता मंत्री अजय सिंह किलक करेंगे। दोपहर में एक से तीन बजे के बीच होने वाले खुले अधिवेशन में किसानों की समस्याएं एवं समाधान पर चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि हाल ही में डेयरी की संचालक समिति की आयोजित बैठक में डेयरी का वर्ष 2015-16 का प्रमाणित बजट स्वीकृत किया गया, जो पांच सौ करोड़ से अधिक का है, जिसका अनुमोदन आमसभा में कराया जाना है। यह बजट वर्ष 2014-15 से लगभग सौ करोड़ रुपए अधिक का है।
टोल फ्री नंबर पर शिकायत

अजमेर डेयरी के विपणन के संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत आदि की जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर शुरू किए गए हैं, जिस पर कोई भी उपभोक्ता डेयरी के उत्पाद के संबंध में अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है। टोल फ्री नंबर 18001806082 हैं।

ये भी लिए निर्णय

> अरबन हाट व नसीराबाद रोड पर सरस पार्लर खुलेंगे।
> रिजका बीज 50 प्रतिशत के अनुदान पर पशुपालकों को उपलब्ध।
> संघ में ईआरपी सिस्टम जल्द लागू, ईटीपी प्लांट की निविदा जल्द।
> अजमेर डेयरी में जल्द नियुक्त होगा कंसलटेंट।
> मार्केटिंग को मजबूत बनाने के लिए उठाए कदम, दूधी थैली में लीकेज नहीं।
> दूधियों को दीपावली तक 600 रुपए किलो फेट, पर बिक्री दर वही रहेगी।
> सिर्फ 3 हजार में मिलेंगे गीर नस्ल के पाड़े, रामसर फार्म से ले सकेंगे।
> दिवाली तक सभी बूथ एजेंटों का बीमा, सभी बूथों को मिलेंगे कोड नंबर।