अजमेर। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बुधवार देररात भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रभारी राजू बाहेती के घर के बाहर खड़ी कार संदिग्ध हालात में धमाके के साथ जल गई। सूचना पर मदनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची आैर घटनास्थल का मौका मुआयना किया। बाहेती ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपाेर्ट दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष व भाजयुमो मोर्चा के प्रभारी राजू बाहेती रोजाना की तरह घर के बाहर अपनी कार खड़ी कर अंदर चले गए। देर रात 2.15 बजे अचानक बाहेती को बाहर धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहेती दौड़कर घर के बाहर आए तो कार को आग की लपटों में घिरा देखा।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सबने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इस दौरान बाहेती ने मदनगंज थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक क्षेत्रवासियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। आग से कार का एसी, वायरिंग, सीट, ऑडियो सहित 50-60 हजार रुपए का नुकसान हो गया। गुरुवार सुबह अजमेर से एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
बाहेती ने अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। मालूम हो कि गत 13 मई को हाउसिंग बोर्ड में बाहेती का क्षेत्र के कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। उसके बाद युवकों ने भाजयुमो अध्यक्ष राजू शर्मा की कार पर हमला कर तोड़फोड़ की थी और शर्मा के साथ मारपीट की थी। हालांकि शर्मा ने जैसे-तैसे कर अपनी जान बचाई। शर्मा की ओर से मदनगंज थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।