पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पुष्कर घाटी में लटकी लो फ्लोर बस, स्टेयरिंग फेल हुआ, 72 यात्रियों को बचाया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर. अजमेर आगार से संचालित एक लो फ्लोर बस मंगलवार को अनियंत्रित होकर पुष्कर घाटी में लटक गई। बस में 72 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि बस डिवाइडर में ही फंस कर रह गई, इससे बड़ा हादसा टल गया। सभी 72 यात्रियों को बचा लिया गया।

सुबह करीब सवा 11 बजे बस पुष्कर से नसीराबाद जा रही थी। नौसर मंदिर के आगे बस का रॉड निकल जाने से स्टेयरिंग फ्री हो गया। बस चालक उदय सिंह कुछ समझ पाता, बस अनियंत्रित होकर खाई की ओर डिवाइडर से टकरा गई और उसकी कमानियां उसमें अटक गईं।
एक बार तो बस खाई और सड़क के बीच झूल भी गई थी। सवारियों में हड़कंप मच गया। भयभीत यात्री रोने-चिल्लाने लगे। जानकारी मिलते ही क्रिश्चियन गंज थाना प्रभारी नेम सिंह तथा अजमेर आगार के समय पालक महेंद्र सिंह गोठियाना मौके पर पहुंचे और सवारियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। बस को क्रेन के जरिए सड़क पर लाया गया।

यात्रियों को खिड़कियों से बाहर निकाला

करीब 15 मिनट तक सवारियों को यह समझ नहीं आया कि वह घाटी में लटकती बस से आखिर कैसे बाहर निकलें, क्योंकि यात्री गेट और आपातकालीन निकास गेट खाई की तरफ थे। सभी यात्री ड्राइवर गेट से नहीं निकल सकते थे। मौके पर पहुंची पुलिस व अन्य लोगों ने सवारियों को खिड़कियों से सुरक्षित बाहर निकाला।

45 सीटर पास, 72 यात्री थे बस में

बस के संचालन में मोटर व्हीकल एक्ट की घोर अवहेलना सामने आई है। जानकारी के अनुसार शहर में चल रही लो फ्लाेर बसों की सीटिंग क्षमता 45 यात्रियों की है। परिवहन विभाग इसी बैठक क्षमता के आधार पर बस की आरसी जारी करता है। मगर जो बस घाटी में लटक गई थी, उसमें घटना के वक्त 72 यात्री सवार थे। इन बसों में 100 यात्रियों तक की संख्या कई बार रहती है।

इनका कहना है

' लो फ्लोर बसों में यात्रियों के लिए 45 सीटें हैं। चूंकि यह बसें शहर में चलती हैं, इनमें सर्विस क्लास, विद्यार्थी और आमजन सफर करते हैं। बस में 100 यात्री तक यात्रा कर सकते हैं।'
-केएल देवनानी, एमओ, अजमेर आगार

' वाहन में उतनी ही सवारियां बिठाई जा सकती हैं, जितनी उसकी क्षमता आरसी में लिखी हो। समय-समय पर परिवहन विभाग की ओर से ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।'
-सुधीर बंसल, डीटीओ, अजमेर
आगे की स्लाइड में देखें हादसे की और तस्वीरों को.......