पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • व्यवसायियों ने उठाया बीड़ा खुद लगाएंगे स्थायी डस्टबिन

व्यवसायियों ने उठाया बीड़ा खुद लगाएंगे स्थायी डस्टबिन

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। गौरव पथ..। अजमेर का ऐसा मार्ग जहां रोजाना देशी-विदेशी पर्यटकों का बड़ी संख्या में आना जाना रहता है। विदेशी पर्यटकों की बड़ी पसंद पुष्कर जाने के लिए इसी मार्ग का इस्तेमाल होता है। इस मुख्य मार्ग पर दोे स्थानों पर कचरे के कंटेनर रखे हैं। एक आनंद नगर बस स्टॉप पर और दूसरा क्रिश्चियनगंज पुलिस चौकी के ठीक सामने। कचरा उठाने की व्यवस्था वैसी ही है जैसी देश के अन्य हिस्सों में है। जाहिर है दिनभर मवेशियों, आवारा जानवरों को यहां मंडराते देखा जा सकता है। यह मार्ग अब तेजी से वाणिज्यिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र भी बनता जा रहा है। पूरे मार्ग पर कहीं भी डस्टबिन नहीं है।

भास्कर की मुहिम समाधान मिलजुलकर से जुड़ते हुए अब इस क्षेत्र के व्यवसायियों ने डस्टबिन लगाने का बीड़ा उठाया है। इनकी सबसे बड़ी समस्या स्थान को लेकर है। इसका समाधान नगर निगम के मेयर के साथ मिलकर किया जाएगा। मेयर कमल बाकोलिया एक-दो दिन में मौके पर जाएंगे और स्थानीय व्यवसायियों से चर्चा के बाद उनकी सहमति से डस्टबिन लगवाएंगे।

इस मार्ग के सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो चुका है। मित्तल चेंबर्स के सामने से लेकर देवनारायण भगवान के मंदिर तक डिवाइडर का काम शुरू हो चुका है। पोल लगाए जाएंगे, आकर्षक लाइटें लगेंगी, सड़क के दोनों ओर सीमेंट के इंटरलॉक ब्लॉक भी लगेंगे। बाजार में कचरा सड़क पर न फैले, इसका कोई प्रावधान नहीं किया गया है और न ही वर्तमान में कोई व्यवस्था ही है। ऐसे में सौंदर्यीकरण पर दोनों कचरा कंटेनर धब्बे का काम करेंगे।

भास्कर ने क्षेत्र के प्रमुख व्यवसायियों से इस बारे में चर्चा की तो कुछ व्यावहारिक परेशानियां सामने आईं। लेकिन इन सभी ने मिलजुलकर समाधान निकालने की भास्कर की मुहिम में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया।