अजमेर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 15 दिसंबर को अजमेर आगमन पर पटेल मैदान में विकास योजनाओं की घोषणाएं कर सकती हैं। वे भामाशाह योजना का भी आगाज कर महिलाओं को कार्ड वितरण करेंगी। गौरव पथ समेत अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया जाएगा।
अभी तक मुख्यमंत्री का अाधिकारिक कार्यक्रम प्रशासन को नहीं मिला है, लेकिन वे 15 दिसंबर को सुबह 11 बजे अजमेर आएंगी। पटेल मैदान में भामाशाह योजना के कार्ड वितरित करेंगी। इस दौरान वे पंचायतीराज समेत अन्य घोषणाएं कर सकती हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम के बाद कुछ दिन में ही पंचायतीराज चुनावों की आचार संहिता लग सकती है। ऐसेे में मुख्यमंत्री जनता को लुभावने वाली घोषणाएं कर सकती हैं। हालांकि इससे दो दिन पहले ही वसुंधरा सरकार का एक साल पूरा होने पर जयपुर में आमसभा होगी, वहां भी मुख्यमंत्री कुछ घोषणाएं कर सकती हैं।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री 15 दिसंबर को गौरव पथ के अलावा जेएलएन में कार्डियोथोरेसिक यूनिट का भी लोकार्पण करेंगी। इसके साथ गेस्ट्रोएंट्रोलॉजी और जियरेटिक वार्ड का भी लोकार्पण कर सकती हैं। मुख्यमंत्री पीओएस मशीन से बायोमेट्रिक सिस्टम के जरिए उपभोक्ता की डिटेल लेकर राशन सामग्री देने वाली भांवता व तबीजी की दो राशन की दुकानों का भी लोकार्पण कर सकती हैं।