पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कुत्ते की फोटो खींची तो महिला डॉक्टर ने थप्पड़ मारा, डॉक्टर का इंकार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। सेटेलाइट अस्पताल में गुरुवार को फोटो खींचने की बात को लेकर महिला डॉक्टर ने एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। इस पर अस्पताल में हंगामा हो गया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। युवक के अनुसार उसने अस्पताल के आउटडोर में घूम रहे कुत्तों को देखकर अस्पताल की अव्यवस्था का फोटो मोबाइल से खींचा था। महिला डॉक्टर के अनुसार वह जब कार से उतरीं तो युवक ने मोबाइल से उनका फोटो खींचा, मना करने पर युवक ने हंगामा खड़ा कर दिया।
आदर्श नगर थाना प्रभारी लक्ष्मणराम के अनुसार आदर्श नगर गणेश कॉलोनी निवासी मनीष कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी का चेकअप कराने सेटेलाइट अस्पताल पहुंचा था। अस्पताल के आउटडोर में कुत्ते बैठ देख मोबाइल से फोटो खींच ली। एेसा करना चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वीटी मीणा को नागवार गुजरा। मनीष का आरोप है डॉ. स्वीटी मीणा ने इस बात पर उसे थप्पड़ जड़ दिया। इस बात को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हंगामे के दौरान अस्पताल के मरीजों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। उधर डॉ. मीणा ने अस्पताल के ही डॉ. गुप्ता पर युवक को बरगलाकर फोटो खींचने के लिए कहने का आरोप लगाया।
एक दिन पहले भी अस्पताल में हुआ था विवाद
अस्पताल में डॉ. स्वीटी मीणा आैर डॉ. रमेश गुप्ता के बीच मरीजों को देखने को लेकर आपसी खींचतान चल रही है। डॉ. गुप्ता सर्जिकल आउटडोर आैर डॉ. स्वीटी मेडिकल आउटडोर संभालती हैं। दो दिन पहले डॉ. गुप्ता ने सर्जिकल आउटडोर में पहुंचे कुछ मरीजों को डॉ. मीणा के पास भेज दिया। यह बात डॉ. मीणा को नागवार गुजरी आैर वह डॉ. गुप्ता के वार्ड में आकर बैठ गई। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी भी हुई। इस दौरान मरीज परेशान होते रहे।
किसी महिला का फोटो खींचने का क्या औचित्य?
डॉ. स्वीटी मीणा का कहना है कि डॉ. गुप्ता के कहने पर ही उक्त युवक ने फोटो खींचा। यह जांच का विषय है कि बिना अनुमति के किसी महिला का फोटो खींचने का क्या औचित्य है। पूरे मामले की शिकायत सीएमएचआे से की गई है। सीएमएचआे ने उचित कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया है।
मैंने नहीं कहा फोटो खींचो, आरोप निराधार

डॉ. गुप्ता का कहना है कि मोबाइल सर्जिकल यूनिट की टीम भिवाड़ी चिकित्सा कैंप में सेवाएं दे रही हैं, अस्पताल में चिकित्सकों का स्टाफ कम है। इस वजह से मरीजों को डॉ. मीणा के पास भेजा, जिन्हें अपनी दवाएं रिपीट करानी थीं। युवक को फोटो खींचने के लिए नहीं कहा गया, आरोप निराधार हैं।
शिकायत मिलेगी तो जांच होगी

' डॉ. स्वीटी कार से उतरी तो युवक ने मोबाइल से उनकी फोटो क्लिक कर ली। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। हंगामा बढ़ता देख पुलिस को बुलाया गया। समझाइश के बाद मामला शांत हो गया। डॉ. रमेश गुप्ता आैर डॉ. स्वीटी के बीच क्या विवाद है, इस बारे में जानकारी नहीं है। दोनों की आेर से यदि शिकायत मिलती है तो जांच करवाई जाएगी।'
-डॉ. भगवान हेड़ा
पीएमआे, सेटेलाइट अस्पताल
आगे की स्लाइड में महिला डॉक्टर जिस पर थप्पड़ मारने के आरोप लगे