अजमेर। दिल्ली की एक कोरियर कंपनी ने अजमेर सहित कई शहरों में फ्रेंचाइजी देने के नाम पर लोगों से लाखों रुपए वसूले और कंपनी के प्रतिनिधि दफ्तर बंद कर भाग गए।
अजमेर में फ्रेंचाइजी के नाम पर ठगों ने चंद्रवरदाई नगर निवासी बीएस शेखावत से ढाई लाख रुपए हड़प लिए। शेखावत की रिपोर्ट पर रामगंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार पीड़ित चंद्रवरदाई नगर निवासी बीएस शेखावत ने बताया कि नवंबर 2013 में दिल्ली की कंपनी फोरन कोरियर कार्गो सर्विसेज ने अखबारों में विज्ञापन के जरिए अजमेर में फ्रेंचाइजी के लिए आवेदन मांगे थे। उन्होंने कंपनी के प्रतिनिधियों से संपर्क किया। कंपनी के प्रतिनिधि के तौर पर तीन लोग अजमेर में उससे मिले और आवेदन पत्र लिया और सिक्यूरिटी राशि के नाम पर ढाई लाख रुपए का चेक उससे ले गए।
बाद में पता चला कि दिल्ली में कंपनी के दफ्तर बंद हो गए हैं और संचालक फरार है। दिल्ली, सीकर, जोधपुर सहित अन्य शहरों में कंपनी के प्रतिनिधियों ने फ्रेंचाइजी देने के नाम पर लोगों से लाखों रुपए बटोरे थे। बीएस शेखावत की रिपोर्ट के आधार पर रामगंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस इस बारे में दिल्ली पुलिस से जानकारी प्राप्त करेगी।