- Hindi News
- कसूर माता पिता का शर्मसार हो रहे बच्चे, नोट बुक पर चिपकाए गए स्टीकर
डीईओ ने किया बच्चों को शर्मसार लिखा,नोट बुक पर लिखा- घर में शौचालय नहीं
भीलवाड़ा (अजमेर)। जिन घरों में शौचालय नहीं है उनमें कसूर भले माता-पिता का है परंतु उनके बच्चों को जलील किया जा रहा है। डीईओ प्रारंभिक (प्रथम) सुभाष शर्मा ने मंगलवार को शहर के सिंधुनगर स्कूल में बच्चों की नोटबुक पर यह स्टिकर चिपका दिए कि उनके घर में शौचालय नहीं है। स्कूल के शिक्षकों की मौजूदगी में डीईओ ने यह स्टिकर बच्चों की नोटबुक पर चिपकाए इसलिए बच्चे कुछ नहीं बोले। दैनिक भास्कर ने स्टिकर चिपकाने के बाद कुछ बच्चों से बातचीत की तो उन्होंने इसे ठीक नहीं बताया। उधर, डीईओ शर्मा का कहना है कि जिले के सभी दो लाख 80 हजार बच्चों की नोटबुक पर यह लिखा जाएगा कि उनके घर में शौचालय है या नहीं। स्कूल में बच्चे आपस में नोटबुक देखेंगे तो जिन बच्चों के घर में शौचालय नहीं है उन्हें शर्मिंदा होना पड़ेगा। गौरतलब है कि डीईओ ने गत दिनों यह निर्देश जारी किए थे कि सभी संस्था प्रधान अपनी स्कूलों के बच्चों से यह जानकारी ले कि उनके घर में शौचालय है या वे खुले में शौच करते हैं। यदि बच्चे खुले में शौच करते हैं तो संस्था प्रधान ऐसे बच्चों की सूची बनाएगा। इसके बाद उन बच्चों की नोटबुक पर यह लिखा जाएगा कि मेरे घर में शौचालय नहीं है। अब इस आदेश की पालना की शुरुआत हो गई है।