अजमेर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बूढ़ा पुष्कर में वर्षा जल पहुंचाने वाले फीडर निर्माण के लिए साढ़े 8 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत की है। अगले माह से इस फीडर का निर्माण शुरू होगा।
अजमेर जिले के प्रभारी एवं शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित बैठक में राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष औंकार सिंह लखावत ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस साल के बजट में बूढ़ा पुष्कर फीडर के निर्माण की घोषणा की थी। फीडर निर्माण के लिए जल संसाधन विभाग ने टेंडर आमंत्रित किए हैं, जो 18 फरवरी को खुलेंगे।
प्रभारी मंत्री देवनानी ने बूढ़ा पुष्कर सरोवर फीडर निर्माण से जुड़े विभिन्न आठ विभागों की जिम्मेदारी तय करते हुए उन्हें जल्द कार्य करने को कहा। उन्होंने नोडल एजेंसी जल संसाधन विभाग को निर्देश दिए कि टेंडर खुलने के अगले दिन ही 19 फरवरी को सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर राज्य सरकार से स्वीकृति प्राप्त करें। इसी माह के अंत या अगले माह के शुरू में मुख्यमंत्री से इस फीडर के शिलान्यास के लिए अनुरोध किया जाएगा। उन्होंने वन व रेलवे विभाग से कहा कि वे इस कार्य के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र तत्काल जिला प्रशासन को दें।
हटेंगे अतिक्रमण, होगी वीडियोग्राफी
लखावत ने कहा कि राजस्व विभाग बूढ़ा पुष्कर सरोवर कैचमेंट व फीडर क्षेत्र की भूमि की वीडियोग्राफी कराए और गत दिनों हुए अतिक्रमण तत्काल हटाएं। उन्होंने इस कार्य की प्रत्येक सप्ताह मॉनिटरिंग जिला कलेक्टर स्तर पर करने को कहा। अजमेर विकास प्राधिकरण की ओर से इस वर्ष के बजट में बूढ़ा पुष्कर सरोवर के लिए प्रारंभिक तौर पर 50 लाख रुपए का प्रावधान है। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि सरोवर के 14 घाटों में से 5 घाटों से पानी का रिसाव अब भी हो रहा है, जिसे तत्काल मरम्मत कराकर रोकें।
मॉनिटरिंग करेंगी कलेक्टर : जिला कलेक्टर डॉ. आरुषि मलिक ने कहा कि वे प्रत्येक सोमवार को उनके स्तर पर आयोजित होने वाली बैठक में बूढ़ा पुष्कर के कार्यों की भी मॉनिटरिंग करेंगी। उन्होंने उपखंड अधिकारी अजमेर को निर्देश दिए कि वे बूढ़ा पुष्कर फीडर क्षेत्र में भूमि की वीडियोग्राफी का कार्य शुरू करें और अतिक्रमण सख्ती से हटाएं। एडीए आयुक्त स्नेहलता पंवार ने बताया कि प्राधिकरण ने निर्धारित कार्य पूरे कर लिए हैं तथा शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर
किशोर कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
(फोटो- बूढ़ा पुष्कर विकास संबंधी बैठक लेते हुए शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी।)