पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कावड़ यात्रा का सिलसिला जारी, गूंजे भोलेनाथ के जयकारे

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर. भोलेनाथ की जयकार के साथ विभिन्न स्थानों पर कावड़ यात्राओं का सिलसिला जारी है। जय अम्बे क्लब मुस्लिम मोची मोहल्ला के तत्वावधान में भोलेश्वर महादेव मंदिर की कावड़ यात्रा सोमवार सुबह 5 बजे पुष्कर से रवाना होकर तथा जोगराज धर्मशाला से सुबह 10 बजे जुलूस के रूप में रवाना होकर विभिन्न मार्गो से होते हुए मंदिर पहुंचेगी। सुरेश छतवानी ने यह जानकारी दी।
शिव का जलाभिषेक
युवा नवनिर्माण सेना द्वारा रविवार को कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें 501 कावड़ यात्री पुष्कर का पवित्र जल लेकर सुभाष नगर स्थित शिव मंदिर पहुंचे जहां शिव भगवान का जलाभिषेक किया गया। संस्था अध्यक्ष गोविंद जादम ने बताया कि रास्ते में जगह जगह कावड़ यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। कावड़ यात्रा में सुरेंद्र सिंह शेखावत, देवेंद्र सिंह, ऋषिराज, पार्षद ज्ञान सारस्वत, जंवरीलाल चौधरी, रजत शर्मा, पृथ्वीराज सांखला, हरि प्रजापति, सुनील शर्मा, धर्मपाल जाटव सहित अन्य शामिल थे।
सहस्रधारा का आयोजन
केसरगंज स्थित गोल चक्कर गंगेश्वर महादेव पर रविवार को सहस्रधारा का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी पंडित तरुण कुमार ने बताया कि मंदिर पर सुबह से भगवान शिव के अभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। अभिषेक के बाद शिव का मनमोहक श्रंगार और आरती की गई।
शिवालयों में भक्तों की भीड़
पुष्करत्न ब्रम्ह नगरी में सावन माह शुरू होने के साथ ही शिवालयों में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई है। कावड़ियों की आवक भी धीरे-धीरे परवान चढ़ रही है। रविवार को दूर-दराज से आए दर्जनों कावड़ियों के जत्थे हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए पुष्कर से अपने गांवों के लिए प्रस्थान करते रहे। देर रात तक घाटों पर कावड़ियों का जमघट लगा रहा। सावन माह के पहले सोमवार के उपलक्ष्य में गांवों के शिवालयों में पुष्कर सरोवर के पवित्र जल से अभिषेक करेंगे।
सावन माह के चलते पुष्कर के शिवालयों में सहस्त्रधारा, रूद्राभिषेक, जलाभिषेक, सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार को देवनगर रोड स्थित चित्रकूट धाम में ग्यारह फुट के अद्भुत शिवलिंग का विशेष अभिषेक किया गया। इस दौरान भजन संध्या आयोजित की गई। चित्रकूट धाम के संत पाठक महाराज ने भक्तों को आशीर्वचन दिए।