अजमेर। संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों के लिए अच्छी खबर है। यहां भर्ती मरीज के परिजनों को अपने खाने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। उन्हें अब ढाबे या होटलों पर जाकर खाना नहीं खाना पड़ेगा। दोनों समय (सुबह-शाम) का खाना उन्हें अस्पताल में ही मुफ्त मिलेगा। यह संभव हुआ है एक समाजसेवी संस्था के सहयोग से।
रोज भर्ती रहते हैं करीब एक हजार मरीज
1018 पलंग के जेएलएन अस्पताल में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज भर्ती रहते हैं। यहां भर्ती मरीजों में अजमेर सहित नागौर, भीलवाड़ा और टोंक के मरीज भी शामिल हैं। एक अनुमान के मुताबिक बाहर से आने वाले एक भर्ती मरीज के साथ तीन से चार परिवार के सदस्य भी होते हैं। यहां पर उनके खाने की परेशानी आती है। खासतौर पर यह सामना गरीब व मजदूर वर्ग के लोगों को करना पड़ता है।
वार्ड में मिलेंगे कूपन
अस्पताल अधीक्षक डॉ. पीसी वर्मा ने बताया कि अस्पताल में विभिन्न विभागों के करीब 34 वार्ड हैं। प्रमुख रूप से मेडिसिन, सर्जरी, अस्थिरोग, ईएनटी, नेत्ररोग, स्किन, बर्न वार्ड, स्पेशल वार्ड, आपातकालीन विभाग, ट्रोमा, न्यूरोसर्जरी, मानसिक रोग, शिशुरोग विभाग, हृदय रोग, यूरोलॉजी, टीबी सहित अन्य वार्ड में लगभग एक हजार से अधिक मरीज भर्ती रहते हैं। जिन भर्ती मरीज के परिजन को भोजन चाहिए, वह वार्ड प्रभारी से कूपन प्राप्त करेंगे। अस्पताल परिसर में उन्हें सुबह-शाम का खाना मिल सकेगा।
आगे की स्लाइड्स में पढ़ें क्या रहेगा मीनू...