अजमेर. नवरात्रा के अवसर पर शहर में कई धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। जगह जगह पंडाल व मंदिरों में विशेष सजावट की गई है। विभिन्न स्थानों पर डीजे की धुन पर गरबा आयोजित किया जा रहा है।
अजमेर में सबसे प्राचीन चामुंडा शक्ति पीठ के पुजारी मदन ने बताया कि मां चामुंडा की प्रतिमा का प्रतिदिन शृंगार किया जा रहा है। बजरंगगढ़ चौराहा स्थित जय अंबे माता मंदिर प्रतिदिन सुबह 9 व शाम 7 बजे आरती और प्रसाद वितरित किया जाता है।
गोविंद नगर रामगंज स्थित श्री दुर्गा महाकाली मंदिर में 59 वां नवरात्र महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है, जहां भूपेंद्र शर्मा पूजा करा रहे हैं। पंडित त्रिजू नारायण ने बताया कि 3 अक्टूबर तक प्रतिदिन माता का शृंगार और सुबह व शाम पूजा अर्चना की जाएगी।
हजारी बाग स्थित नगरकोट घाम में नवरात्रा महोत्सव के तहत प्रतिदिन यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। पुजारी अशोक यादव ने बताया कि अंतिम दिन कन्या पूजन के बाद भंडारा होगा। मां सेवा समिति के तत्वावधान में नवरात्रा महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। गुरु राजेश जैन ने बताया कि डढ्ढा की हवेली में प्रतिदिन मां पदमावती की पूजा अर्चना कर प्रसाद वितरित किया जा रहा है।
पत्रकार कालोनी कोटड़ा में पंडाल में पंडित दिनेश शर्मा के सानिध्य में मां दुर्गा की पूजा अर्चना की जा रही है। क्षेत्रवासी और श्रद्धालु मां भगवती को माला पहनाकर पूजा करते हैं। जिला कलेक्टर भवानी सिंह देथा रविवार शाम सात बजे बजरंगगढ़ स्थित माता मंदिर में आयोजित आरती आयोजन में भाग लेंगे।
नवदुर्गा मंडल के तत्वावधान में शिव मंदिर भजनगंज पर 15वां मां भगवती जागरण शुक्रवार रात 8 बजे से आयोजित किया गया। भजन गायकों ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर मां का आकर्षक दरबार सजाया गया।
अजय नगर में गरबा रास में उमड़े लोग
भैरू गरबा मंडल के तत्वावधान में पार्वती उद्यान अजयनगर में गरबा रास में लोग गुजराती वेशभूषा में बड़ी संख्या में गरबा खेलने आते हैं। मंडल अध्यक्ष भैरू भाई धनवानी ने बताया कि यहां गरबा गुजरात संस्कृति के अनुरूप किया जा रहा है। संयोजक विजय मुलतानी ने बताया कि रोज 10 पुरस्कार गरबा में भाग लेने वाले महिला व पुरुषों व बच्चों को दिए जाते हैं।
डीजे पर झूमे लोग
चौरसियावास रोड स्थित चारण शोध संस्थान में डीजे की धुन पर माता जी के भजनों के साथ गरबा प्रतिदिन आयोजित किया जा रहा हैं जिसमें क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं। हाथीभाटा स्थित गुजराती धर्मशाला में गुजराती समाज द्वारा धर्मशाला में सजावट की माता की फोटो स्थापित की गई है। जहां रात 8.30 बजे से प्रतिदिन परंपरागत रुप से गरबा आयोजित किया जा रहा।
गुजराती समाज द्वारा कस्तूरबा अस्पताल स्थित चौक में माता की स्थापना की गई है। रात 8.30 बजे से प्रतिदिन परंपरागत रूप से डीजे धुन पर गरबा आयोजित किया जा रहा है।
आगे की स्लाइडों पर देखें गरबे की धुन पर झूमते डांस प्रेमियों और स्थापित देवी प्रतिमा को...