अजमेर. शहर में नवरात्र पर्व पर डांडिया सहित विविध कार्यक्रम आयोजन का सिलसिला जारी है। मंदिरों में विशेष सजावट के साथ विभिन्न स्थानों पर डीजे की धुन पर डांडिया खनक रहे हैं।
बजरंगगढ़ चौराहा स्थित जय अंबे माता मंदिर प्रतिदिन सुबह 9 व शाम 7 बजे होने वाली आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं।
रविवार शाम जिला कलेक्टर भवानी सिंह देथा ने मंदिर पर पहुंचकर श्रद्धा से पूजा अर्चना की। इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से अभिनंदन किया गया। अजमेर में सबसे प्राचीन चामुंडा शक्ति पीठ में शृंगार और पूजा अर्चना की जा रही है। श्री दुर्गा महाकाली मंदिर गोविंद नगर, रामगंज में सोमवार रात 8 बजे से शक्ति पाठ का आयोजन किया जाएगा।
महंत पंडित त्रिजुनारायण दुर्गापाठी के अनुसार शक्ति पाठ में भक्त 108 आसनों पर बैठ कर देवी शतक, दुर्गा वंदना व स्तुति एवं दुर्गा चालीसा का पाठ करेंगे। हजारी बाग स्थित नगरकोट घाम में नवरात्रा महोत्सव के तहत प्रतिदिन यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। पत्रकार कालोनी कोटड़ा स्थित पंडाल में पंडित दिनेश शर्मा के सानिध्य में मां दुर्गा की पूजा अर्चना की जा रही है।
जागरण आज :
मां सेवा समिति की ओर से सोमवार रात 8 बजे से ढड्ढा की हवेली में जागरण एवं भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा। गुरु राजेश जैन ने बताया कि भक्ति संध्या में जयपुर के जाफर भाई, तनु एवं अजमेर के कुमार विनीत व आर्यन बोहरा संगीतमय प्रस्तुति देंगे। दानमल कॉलोनी गुलाबबाड़ी में सोमवार शाम 7 बजे से रामगंज की जॉन एंड पार्टी भजन प्रस्तुत करेगी।
भैरू गरबा मंडल की ओर से पार्वती उद्यान अजयनगर में गरबा रास में लोग गुजराती वेशभूषा में बड़ी संख्या में गरबा खेलने आ रहे हैं। चारण शोध संस्थान में भीगरबा आयोजित किया जा रहा है। हाथीभाटा स्थित गुजराती धर्मशाला में रात 8.30 बजे से गरबा आयोजित किया जा रहा। कस्तूरबा अस्पताल स्थित चौक में भी गरबा हो रहा है।
आगे की तस्वीरों में देखें गरबे की धुन पर ताल से ताल मिलाते हुए...