पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजयपुर।सोहराबुद्दीन एनकाउंटर मामले में सीबीआई के आरोप पत्र में पूर्व गृहमंत्री और नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया का नाम आने से भाजपा के आला नेता भी सकते में आ गए है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे मंगलवार रात
राज्यसभा में प्रतिपक्ष के नेता अरुण जेटली के आवास पर पहुंचीं, जहां आपात बैठक हुई।
इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन सहमंत्री सौदानसिंह, राष्ट्रीय सचिव भूपेंद्र यादव भी मौजूद थे। तुरंत ही ही इस मुद्दे पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह को भी अवगत कराया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे और वरिष्ठ नेता अरुण जेटली बुधवार को 12 बजे पार्टी के दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में इस मुद्दे पर पत्रकार वार्ता करेंगे।
जयपुर में प्रदेश कार्यालय में बुधवार शाम साढ़े छह बजे वसुंधरा राजे की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें आगे की रणनीति बनाई जाएगी। कटारिया मंगलवार को वसुंधरा राजे के आवास पर सुराज यात्रा की बैठक में दिल्ली गए हुए थे।
मंगलवार रात दस बजे ट्रेन से जयपुर पहुंचे। कटारिया प्रदेश के दूसरे भाजपा नेता है, जिन पर एनकाउंटर को लेकर सीबीआई की चार्जशीट में नाम आया है। इससे पहले भाजपा के पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ को दारिया एनकाउंटर को लेकर सीबीआई ने षडयंत्र के आरोप में गिरफ्तार किया था।
भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक नई परिस्थितियों को देखते हुए वसुंधरा राजे का सुराज संकल्प यात्रा का कार्यक्रम में भी बदलाव संभव है। दिल्ली ही थे सुराज यात्रा की समीक्षा लेकर वसुंधरा राजे के दिल्ली आवास पर मंगलवार को सौदान सिंह की अध्यक्षता में रखी बैठक में कटारिया गए थे। उसमें भूपेंद्र यादव भी मौजूद थे। इसके बाद कटारिया वहां से रवाना हो गए। कटारिया के मुताबिक उन्हें ट्रेन में ही मीडिया से पता चला कि ऐसी कोई चार्जशीट दाखिल हुई है।
कांग्रेस का षड्यंत्र पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को केंद्र के पालतू तोते की तरह व्यवहारे की जो टिप्पणी की थी, वो अब कटारिया के खिलाफ कार्रवाई के मामले में सही साबित हुई है। कांग्रेस के घटते जनाधार और भाजपा की आक्रामक राजनीति को देखते हुए मेरे बाद अब कटारिया को षडयंत्र का शिकार बनाया है।
बदले की कार्रवाई पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि कटारिया पर कार्रवाई पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। सीबीआई एक बार फिर कांग्रेस की टूल बनी है। कटारिया जैसे चरित्रवान नेता के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई सीबीआई के केंद्र सरकार के इशारों पर काम करने के आरोपों को सही साबित किया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.