अजमेर। नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव में बूथवार मतदान के आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि जाटों की तुलना में गुर्जरों ने भारी मतदान किया है। जाट और गुर्जर बाहुल्य 37 मतदान केंद्रों का आकलन करने पर जो तस्वीर सामने आई उससे कांग्रेसी खुश हैं। ये वो बूथ हैं, जहां 80 से 97.48 प्रतिशत तक मतदान हुआ। इनमें 23 केंद्र ऐसे हैं जो गुर्जर बाहुल्य हैं।
एक मतदान केंद्र मुस्लिम बाहुल्य भी है। 13 मतदान केंद्र जाट और रावत-राजपूत बाहुल्य है। भाजपाई इस बात से खुश हैं कि भारी मतदान हुआ है और जब कभी भी ज्यादा मतदान होता है उसका सीधा लाभ भाजपा को ही मिलता रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग ने नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र के सभी 212 मतदान केंद्रों पर हुए मतदान के आंकड़ें जारी कर दिए हैं। इनमें 11 बूथ ऐसे हैं जहां पर 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है।
सर्वाधिक 97.48 प्रतिशत मतदान गुर्जर बाहुल्य राप्रावि कल्याणीपुरा में हुआ जहां 476 में से 464 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इन 11 केंद्रों में भी 9 मतदान केंद्र गुर्जर बाहुल्य है, एक जाट बाहुल्य और एक रावत बाहुल्य है। इस विधानसभा क्षेत्र में जाट, राजपूत और रावत भाजपा के साथ माने जा रहे हैं।
जिन केंद्रों पर 85 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ उनकी संख्या 9 है। इनमें भी 6 केंद्र गुर्जर बाहुल्य है, दो जाट और एक रावत बाहुल्य है। जिन केंद्रों पर 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ, ऐसे केंद्रों की संख्या 17 है। इनमें 8 गुर्जर बाहुल्य, 3 जाट, 5 केंद्र रावत-राजपूत बाहुल्य है। एक केंद्र मुस्लिम बाहुल्य भी है।