अजमेर। पुलिस ने शनिवार की रात एक कंटेनर में रखकर तस्करी कर ले जाई जा रही करीब 20 लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब की खेप बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी अमराराम विश्नोई ने बताया कि मुखबिर की इत्तला पर खारी नदी पुलिया के समीप पुलिस ने नसीराबाद कि ओर से आ रहे एक कंटेनर को रुकवाते हुए तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस का शक सही निकला कंटेनर में हरियाणा निर्मित रॉयल गोल्ड ब्रांड की अवैध अंग्रेजी शराब के कार्टून जमे मिले। पुलिस ने वाहन सहित वाहन में रखे करीब 647 कार्टून अंग्रेजी शराब सहित चालक हरियाणा के भिवानी जिला के तोसाम थानान्तर्गत ढाणी महू निवासी चालक सुरेश कुमार व खलासी रणवीर जाट को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी विश्नोई ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने हरियाणा निर्मित यह खेप गुजरात पहुंचाई जानी थी। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। यहां न्यायाधीश ने पांच दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया है।