अजमेर. रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर रविवार को युवक अचेत अवस्था में मिला। जीआरपी ने युवक को जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात तक युवक के बयान दर्ज नहीं हो सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मामला जहरखुरानी का माना है, युवक को नशीली चाय पिलाकर वारदात का शिकार बनाया।
पुलिस के मुताबिक सुबह 9 बजे आरपीएफ के एएसआई मदनलाल ने सूचना दी थी कि प्लेटफार्म नंबर 2 की पुलिया के पास एक युवक अचेत हालत में पड़ा है। सूचना पर जीआरपी जवान मौके पर पहुंचे और युवक को जेएलएन अस्पताल ले गए।
उसके बैग से एक पहचान पत्र बरामद हुआ, जिसमें नाम जितेंद्र सिंह पुत्र मानसिंह आैर पता धांधोली जोधपुर लिखा है। पुलिस ने इस आधार पर सूचना युवक के परिवार के लोगों को दी। देर शाम उन्होंने युवक का नाम जितेंद्र सिंह होने की पुष्टि की है।
सीसीटीवी रिकॉर्डिंग खंगाली-
जितेंद्र भीलवाड़ा में निजी कंपनी में काम करता है। चेतक से भीलवाड़ा से गांव जाने के लिए निकला था। अजमेर से उसे ट्रेन बदलनी थी। चेतक से उतरने के बाद उसने स्टेशन के बाहर आकर नाश्ता किया आैर अंदर आ गया। कुछ देर बाद वह बेहोश होकर पुलिया के पास गिर गया। जहर खुरानी गिरोह के लोग जेब से 2000 रुपए निकाल कर ले गए।