(फोटो- बेटे की मौत के बाद न्याय नहीं मिलने पर अात्महत्या करने का प्रयास करता पिता।)
अजमेर. अजमेर कलेक्ट्रेट में बुधवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ग्रामीण गोपाल काठात ने अपने शरीर पर केरोसिन उड़ेल कर आग लगाने का प्रयास किया। वह अपनी पत्नी के साथ आया था। घटना एसपी दफ्तर के ठीक सामने घटी जो कलेक्ट्रेट परिसर में ही है। उस समय कई लोग परिसर में मौजूद थे, जिन्होंने उसे पकड़ लिया। पुलिस के आला अफसर कमरों से बाहर निकल आए। दरअसल, गोपाल इकलौते बेटे की मौत का कारण जानना चाहता था, जिसकी दो माह पहले एक सरकारी स्कूल में मौत हो गई थी।
मिड डे मील में थी गड़बड़ी
उसे शक है कि मिड डे मील में गड़बड़ी थी, जिससे उसका बेटा मारा गया। लेकिन पुलिस उसे बार-बार यही बता रही थी कि वास्तविक कारण विसरा की एफएसएल जांच रिपोर्ट में ही सामने आएगा। इसी से वह खिन्न था। अचानक हुई इस घटना से एसपी ऑफिस में हड़कंप मच गया।
एसपी महेंद्र सिंह चौधरी चेंबर से बाहर निकल आए।
चिल्लाता रहा लेकिन नहीं मिला न्याय
गोपाल काठात ने एसपी से चीखते हुए कहा कि उसे बेटे की मौत का कारण बताओ, जांच में देरी क्यों हो रही है? बिसरा की एफएसएल रिपोर्ट कब आएगी? एसपी और अन्य पुलिस कर्मियों ने उसे समझाइश कर शांत करने की कोशिश की, लेकिन वह चिल्लाता रहा कि उसे न्याय नहीं मिला तो वह मर जाएगा। सिविल लाइंस थाना पुलिस के दल ने उसे जेएलएन अस्पताल पहुंचाया और वहां जांच के बाद उसे हिरासत में ले लिया।
आगे की स्लाइड्स में पढ़ें क्या था मामला