पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नगर निगम ने बनाया 2.45 अरब का बजट

नगर निगम ने बनाया 2.45 अरब का बजट, भाजपा करेगी विरोध

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। अजमेर नगर निगम की गुरुवार दोपहर तीन बजे साधारण सभा की बैठक होगी। बैठक में 2 अरब 45 करोड़ रुपए से अधिक का बजट रखा है। विवाह समारोह स्थलों की विधियां, उपविधियां, फॉयसागर और सुभाष उद्यान को बीओटी के आधार पर देने सहित अन्य प्रस्ताव शामिल हैं। निगम ने स्वास्थ्य निरीक्षकों को प्रतिदिन एक लीटर पेट्रोल देने का नीति विरुद्ध प्रस्ताव भी शामिल किया है।
भारी भरकम बजट बनाया
निगम ने इस बार भी आगामी वित्तीय वर्ष के लिए भारी भरकम 2 अरब 45 करोड़ 84 लाख 97 हजार रुपए का बजट तैयार किया है। निगम ने चालू वित्तीय वर्ष में 2 अरब 1 करोड़ रुपए का बजट तैयार किया था, लेकिन आधी भी आय अर्जित नहीं कर पाया। गौरतलब है कि सरकार ने सभी निकायों को वास्तविक बजट बनाने के निर्देश दिए थे। सरकार का मानना था कि ख्याली बजट बनाने से जनता की अपेक्षा बढ़ जाती है, लेकिन बजट के अनुरूप कार्य नहीं होने पर जनता नाराज हो जाती है, जिसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ सकता है। इसके बावजूद निगम ने ख्याली बजट बनाने से परहेज नहीं किया।
ये हैं प्रमुख प्रस्ताव
1-सुभाष उद्यान और फॉयसागर 10 साल बीओटी पर देने ।
2-गांधी भवन से कचहरी रोड होते हुए सोफिया कॉलेज मार्ग का नाम पं. मुकुट बिहारी लाल रखने का प्रस्ताव।
3- ई-सुगम पर सड़क-नाली की शिकायतों के निवारण करने के संबंध में पार्षदों की राय लेने का प्रस्ताव।
4-मोबाइल टावरों को स्वीकृति देने का प्रस्ताव।
5-अतिरिक्त मुख्य नगर नियोजक पद सृजन का प्रस्ताव।
6-स्वास्थ्य निरीक्षकों को प्रतिदिन एक लीटर पेट्रोल देने का प्रस्ताव रखा गया है।
समारोह स्थलों की सुध आई
निगम पूर्व में नियमों को लेकर अटके समारोह स्थलों के पंजीकरण का प्रस्ताव भी इस बार रखा है। इस बार नियमों में शिथिलता का भी प्रस्ताव है।
बजट का विरोध करेगी भाजपा
शहर भाजपा ने साधारण सभा में कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करने के लिए बैठक कर पार्षदों के साथ रणनीति तय की है। भाजपा पार्षद निगम द्वारा तैयार किए गए बजट पर तीखे प्रहार करेंगे, वहीं समारोह स्थलों पर विधियां और उप विधियां की प्रति नहीं देने पर रोष भी व्यक्त करेंगे।
भाजपा पार्षद सुभाष उद्यान और फॉयसागर को बीओटी पर देने को राजी हैं, लेकिन बीओटी की शर्तें एजेंडा में शामिल नहीं करने पर विरोध करेंगे। पार्षद शर्तें बताने की मांग कर सकते हैं। एजेंडा में समारोह स्थलों की विधियां और उप विधियां की प्रति शामिल नहीं करने का भी विरोध करेंगे। बैठक में शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी, शहर भाजपा अध्यक्ष अरविंद यादव, पूर्व मेयर धर्मेंद्र गहलोत, सुरेंद्र सिंह शेखावत सहित सभी पार्षद मौजूद थे।
कांग्रेसी पार्षद भी दिखेंगे एकजुट
इधर, कांग्रेस पार्षदों ने शहर अध्यक्ष महेंद्र सिंह रलावता और मेयर कमल बाकोलिया की उपस्थिति में बैठक की, जिसमें एकजुटता का पाठ पढ़ाया गया। बैठक में तय किया गया कि भाजपा पार्षदों के हर सवाल का जवाब एकजुटता से देना है। कांग्रेसी पार्षदों ने जीसी में उठाए जाने वाले मुद्दों पर भी चर्चा की। बैठक में नौरत गुर्जर, विजय नागौरा, ललित गुर्जर सहित सभी कांग्रेसी पार्षद उपस्थित थे।