मदनगंज-किशनगढ़। अजमेर रोड स्थित प्राइवेट स्कूल में अध्यापिका ने छात्र से मारपीट कर उसके कानों को जख्मी कर दिया। स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों की शिकायत पर अध्यापिका को हटा दिया। शादरूल स्कूल के पास रहने वाले सत्यदेव शर्मा का पुत्र फूलचंद शर्मा अजमेर रोड स्थित एक निजी स्कूल में पांचवी कक्षा का छात्र है। हाल ही में वह चौथी पास कर पांचवीं कक्षा में आया है।
छात्र के पिता सत्यदेव शर्मा का आरोप है कि कॉपी, किताबों के लिए उसने ग्यारह सौ सौलह रुपए स्कूल प्रशासन को जमा करा दिए। शेष राशि बाद में जमा कराना तय किया गया। पिता ने आरोप लगाया कि गलतफहमी में स्कूल की अध्यापिका रजनी को बच्चे के कोर्स के राशि जमा होने का पता नहीं था और उसने बच्चे से कोर्स के रुपए जमा कराने को कहा।
पिता ने आरोप लगाया कि जब बच्चे ने पिता द्वारा रुपए जमा करा देने बताया तो गुस्से में अध्यापिका रजनी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। कान मरोड़ने के कारण उसके दोनों कान जख्मी हो गए। घटना का पता पिता को तब चला जब उसने पुत्र के दोनों कान जख्मी देखे।
इस पर बच्चे के चाचा ने स्कूल की प्रधानाध्यापिका शांता देवी व सचिव को घटना की जानकारी दी तो स्कूल प्रशासन ने तत्काल अध्यापिका को स्कूल से हटा दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
॥बच्चे का चाचा मेरे पास शिकायत लेकर आया था। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अध्यापिका को स्कूल से हटा दिया है।
नवीन पाटनी,सचिव, गंगा विद्या मंदिर