पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

दिन में करते थे कैटरिंग का काम रात को करते थे वाहन चोरी!

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। शादी-समारोह में कैटरिंग व्यवस्था करने वाले ठेकेदार के दो कर्मचारियों को क्लॉक टावर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों के बारे में पुलिस को जानकारी दी है।
करीब 18 से 19 वर्ष की आयु के दोनों आरोपी कैटरिंग का काम खत्म कर रात को चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस इनके साथियों के बारे में तफ्तीश कर रही है। पुलिस के अनुसार केसरगंज निवासी संजीव जैन ने बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब साढ़े दस बजे अज्ञात लोग उसके मकान के बाहर खड़ी स्कूटी चोरी कर ले गए।
इस रिपोर्ट पर केसरगंज चौकी प्रभारी एएसआई अनिल शर्मा ने तफ्तीश की। मुखबिर की सूचना पर ऊसरी गेट हरिजन कॉलोनी निवासी उन्नीस वर्षीय नंदू पुत्र भगवान और जादूगर निवासी दीपक पुत्र चौथमल को गिरफ्तार किया गया।
इनके कब्जे से चोरी की स्कूटी भी बरामद की गई। अनिल शर्मा ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में चोरी की कई वारदातों के बारे में जानकारी दी है। वारदातों में शामिल इनके अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है।
जल्द अमीर बनने के लिए करने लगे चोरी
आरोपी नंदू और दीपक कैटरिंग ठेकेदार के कर्मचारी के तौर पर शादी-समारोह में कैटर्स का काम करते थे। देर रात काम खत्म कर लौटते समय दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने वारदातों में लिप्त साथियों के नाम भी कबूले हैं। इनके बयानों के आधार पर पुलिस इनके बारे में जांच कर रही है।