पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • प्रदेश में इसी महीने जारी होंगे बकाया बिजली कनेक्शन : पुष्पेंद्र सिंह

ऊर्जा राज्यमंत्री पुष्पेंद्र सिंह ने कहा, इसी महीने जारी होंगे बकाया बिजली कनेक्शन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। ऊर्जा राज्यमंत्री पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में इसी महीने बकाया कृषि कनेक्शन जारी कर दिए जाएंगे। सरकार की मंशा आमजन से जुड़कर उनके कार्य करने की है। अफसर और कर्मचारी लगन के साथ काम करें और अनावश्यक विभागीय औपचारिकताओं को हटाते हुए विभिन्न कार्यों में सरलीकरण लाएं। सिंह रविवार को एक कार्यक्रम में शिरकत करने अजमेर आए थे। इसी दौरान उन्होंने भास्कर से विशेष बातचीत की।

प्रश्न- ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी मिली है आपको, कैसी है?

उत्तर- ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी चुनौतीपूर्ण है। जो वादे सरकार ने किए हैं, उन्हें निभाया जा रहा है। शहरों को 24 घंटे बिजली दी जा रही है। उद्योगों एवं कृषि कनेक्शनों को भी तय समय के मुताबिक बिजली दी जा रही है।
प्रश्न- पंचायतीराज चुनाव नजदीक हैं, कृषि कनेक्शन देने के लिए बिजली कंपनियों के पास सामान तक नहीं है?
उत्तर- नहीं, ऐसा नहीं है। मार्च 2014 तक हमने करीब 22 हजार कृषि कनेक्शनों के डिमांड नोट जारी किए थे। 17 हजार से अधिक कनेक्शन हो चुके हैं। बाकी इसी महीने दिए जाएंगे।
प्रश्न- प्रदेश के चार शहरों में पीपीपी मोड पर बिजली व्यवस्था सफल हो पाएगी। अन्य प्रदेशों में पीपीपी मोड पर यह असफल हो रही है?
उत्तर- देखिए, अभी सर्वे चल रहा है। इस बारे में कुछ भी कहना मुश्किल होगा। हां, कर्मचारियों का अहित नहीं होगा।

प्रश्न- आईटी सिस्टम लागू होने के बाद भी आमजन के काम नहीं होते?

उत्तर- सरकार की मंशा आम आदमी को हर सुविधा पहुंचाने की है। मैं मानता हूं कनेक्शन जारी होने, नाम परिवर्तन करने समेत अन्य कार्यों में सरलीकरण होना अावश्यक है। इसके लिए अनावश्यक औपचारिकताओं को समाप्त किया जाएगा। सरकार युद्ध स्तर पर अभी उन ढाणियों में बिजली पहुंचा रही है, जहां की आबादी 100 तक की है। इसमें प्रदेश के 2.50 लाख बीपीएल परिवार भी शामिल है। बीपीएल परिवारों को यह कनेक्शन मुफ्त दिए जाएंगे।
अजमेर में दो साल पढ़े

ऊर्जा मंत्री पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि वे अजमेर के सेंट एंसलम्स स्कूल में कक्षा 11 और 12 में पढ़े थे। इन दो साल वे अजमेर में ही रहे। इसलिए अजमेर से उनका पहले से ही लगाव और जुड़ाव रहा है। समीक्षा बैठकों में अजमेर की बिजली व्यवस्थाओं को उन्होंने संतोषजनक बताया।

देवनानी ने की बिजली व्यवस्था पर चर्चा

शिक्षा राज्यमंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने सर्किट हाउस में ऊर्जा राज्यमंत्री पुष्पेंद्र सिंह से अजमेर जिले में चल रहे बिजली कार्य एवं याेजनाओं के बारे में चर्चा की। साथ ही इंजीनियरों से कार्यों का फीडबैक भी लिया। ऊर्जा राज्य मंत्री सिंह का डिस्कॉम के चीफ इंजीनियर बीएस रत्नू, एसई वीएस भाटी और एक्सईएन मुकेश ठाकुर ने अभिनंदन किया।