अजमेर. सुरक्षा और सफाई के समाधान के लिए मदार गेट के दुकानदारों ने मिसाल कायम कर दी है। व्यापारियों ने भास्कर के समाधान मिलजुलकर अभियान से जुड़ते हुए खुद के खर्च पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और सफाई के लिए डस्टबिन लगाने की तैयारी कर ली है। मदारगेट व्यापारिक एसोसिएशन की ओर से मंगलवार को दुकानदारों को कचरा पात्र दिए जाएंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेश्वर प्रसाद गुप्ता ने बताया कि मदार गेट स्थित कस्तूरबा अस्पताल परिसर में दोपहर एक बजे इसके लिए एक समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह में महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री अनिता भदेल, नगर निगम के सीईओ सीआर मीणा तथा क्षेत्रीय पार्षद भागीरथ जोशी उपस्थित रहेंगे।
गुप्ता ने बताया कि बाजार में कचरा बिखरा न रहे, इसके लिए दुकानदारों को लोहे के कचरा पात्र दिए जाएंगे। समारोह में सीसीटीवी कैमरों का लोकार्पण भी होगा। एसोसिएशन की ओर से मदारगेट बाजार में कैमरे लगाए गए हैं, ताकि संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा सके। समारोह में मदारगेट बाजार के सभी दुकानदारों को आमंत्रित किया गया है।
1. एक कैमरा बाटा शू कंपनी के ऊपर लगाया गया है। इससे संचेती मार्केट और आसपास के क्षेत्र पर निगरानी रहेगी।
2. दूसरा कैमरा संचेती मार्केट की दिशा में एक होटल पर लगाया गया है। इससे बाटा शू कंपनी, साइकिल स्टैंड, और फुट ओवरब्रिज तक निगरानी रहेगी।
3. तीसरा कैमरा संचेती मार्केट के पास ही बिजली के एक खंभे पर लगाया गया। इससे क्लॉक टावर की ओर के मार्केट पर निगरानी रहेगी।
4. चौथा कैमरा भी इसी खंभे पर लगाया गया। इससे चंदीराम एंड संस, रामेश्वर लाल सालिग राम तथा गोपालजी कांच वालों की ओर के बाजार पर निगरानी रहेगी।
मदारगेट भी इससे जूझ रहा है। शहर का ‘हृदय’ कहा जाता है यह बाजार। इसलिए व्यापारी सुरक्षा को लेकर खासे चिंतित रहते हैं। पुलिस से कोई बड़ा भरोसा और सहारा नहीं मिल पाता है। घटना होने के बाद भी कोई कारगर कार्रवाई नहीं हो पाती। कचरा भी बाजार की मुख्य समस्या है। व्यापारियों ने अब समाधान मिलजुल कर निकाला है।