ब्यावर. शहर में एक निजी स्कूल की 5वीं कक्षा की छात्रा के साथ प्रिंसीपल द्वारा अश्लीलता किए जाने को लेकर माहौल गरमा गया। गुस्साए परिजनों ने स्कूल पहुंचकर इसका विरोध किया। कुछ क्षेत्रीय लोग प्रिंसीपल के समर्थन में उतरते हुए परिजनों के आरोप का विरोध करने लगे।
इस पर स्कूल में हंगामा हो गया। दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ थाने ले आई। थाने में परिजन ने चांगचितार रोड स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल के प्रिंसीपल राजबिहारी माथुर के खिलाफ रिपोर्ट दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी प्रिंसिपल राजबिहारी माथुर को गिरफ्तार कर लिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मंगलवार को उनकी 10 वर्षीय बेटी ने बताया कि गत शनिवार को प्रिंसीपल ने उसे 15 अगस्त की तैयारियों के बहाने अपने चेंबर में बुलाकर अश्लील चित्र दिखाए और उसे वैसा ही करने को कहा। प्रिंसीपल ने छात्रा के साथ शारीरिक अश्लीलता की। प्रिंसिपल ने उसे हिदायत दी कि जो भी हुआ उसे घर पर न बताए। शनिवार को स्कूल से घर लौटने के बाद छात्रा गुमसुम रहने लगी।
मानसिक पीड़ा के चलते दो दिन से स्कूल आना भी बंद कर दिया। इस पर मंगलवार सुबह परिजन द्वारा पूछे जाने पर पहले तो वह घबरा गई, लेकिन ज्यादा जोर देने पर उसने अपनी मामी को पूरी घटना बताई। मुकदमा दर्ज करने से पहले सिटी थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा ने छात्रा से घटना की पूरी जानकारी ली। प्रिंसीपल का भी पक्ष सुना गया। सिटी थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने मामले की जानकारी पुलिस उपाधीक्षक गोपी सिंह शेखावत को दी। मामले को गंभीर मानते हुए डिप्टी शेखावत ने जांच प्रोबेशनर आरपीएस शालिनी राज को सौंपी।
छात्रा के आरोप बेबुनियाद
मुझे बेवजह बदनाम किया जा रहा है। छात्रा के साथ ऐसा कुछ भी नहीं किया। मैं कई सालों से सफलता पूर्वक स्कूल का संचालन करता आ रहा हूं। छात्रा के आरोप बेबुनियाद हैं। इस मामले के पीछे कोई साजिश है या गलतफहमी है।
राजबिहारी माथुर, प्रिंसीपल