अजमेर. सरकारी स्कूलों में समय परिवर्तन की मांग को लेकर पिछले चार दिनों से आंदोलन कर रहे राउमावि के छात्र और छात्राओं ने शुक्रवार को भी कक्षाओं का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। कस्बे में सामूहिक रैली निकालते हुए शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका गया।
विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि स्कूलों का समय परिवर्तन नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। शुक्रवार सुबह स्कूल खुलने से पहले छात्र-छात्राओं ने लामबंद होकर अपनी-अपनी स्कूलों पर ताले लगा दिए और शिक्षा मंत्री कालीचरण सराफ व शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ब्रह्मा मंदिर के बाहर शिक्षा मंत्री को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की गई। प्रदर्शनकारी विद्यार्थी चाहते हैं कि स्कूलों का समय सुबह 10 से 4 बजे की बजाय सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक किया जाए।
दो छात्र नेताओं को लिया हिरासत में, बाद में छोड़ा
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों को पुलिस ने खदेड़ते हुए दो छात्र नेताओं को हिरासत में लेकर जीप में बैठा दिया। उन्हें कुछ देर बाद छोड़ दिया गया। एनएसयूआई एवं अजमेर जिला देहात कांग्रेस कमेटी (विधि विभाग) के पूर्व अध्यक्ष विवेक पाराशर ने उक्त कार्रवाई की कड़ी निंदा की।
डीईओ ने खड़े किए हाथ
उग्र होते छात्र-छात्राओं को समझाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (माशि) सुरेश चंद्र शर्मा पुष्कर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारी विद्यार्थियों से कहा कि समय परिवर्तन का निर्णय राज्य सरकार का है। वे इस संबंध में कुछ नहीं कर सकते।