पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Protest By Youth Congress Against Municipality

युवक कांग्रेस ने किया नगर निगम का घेराव, मुख्य दरवाजा बंद कर रास्ता रोका

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। आना सागर झील को प्रदूषण मुक्त करने, शहर में सफाई, टूटी सड़कों की मरम्मत तथा अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम में नारेबाजी, प्रदर्शन कर विरोध जताया तथा घेराव किया।
संगठन के नेताओं ने निगम के मुख्य द्वार को बंद कर दिया तथा कुछ समय के लिए पृथ्वीराज मार्ग पर जाम भी लगा दिया। निगम के सीईओ द्वारा सात दिन में मांगों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

नगर निगम में सोमवार की सुबह हंगामा मचा रहा। अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष लोकेश शर्मा की अगुवाई में युवक कांग्रेस के कई कार्यकर्ता वाहनों पर सवार होकर नगर निगम परिसर पहुंच गए। वहां पहुंचने के साथ ही उन्होंने निगम भवन के मुख्य द्वार पर धरना देकर नारेबाजी व प्रदर्शन शुरू कर दी।
कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के बाद निगम दफ्तर का मुख्य द्वार बंद कर दिया। करीब पौन घंटे तक कार्यकर्ता हंगामा मचाते रहे। इसके बाद वे परिसर से बाहर निकल कर पृथ्वीराज मार्ग पर आ गए। उन्होंने जाम लगा कर वाहनों की आवाजाही को रोक दिया। करीब दस मिनट तक जाम लगे रहने के कारण चूड़ी बाजार समेत तीन तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
इसके बाद सभी कार्यकर्ता एक बार फिर परिसर में घुस आए। उन्होंने दफ्तर के मुख्य चैनल गेट के बाहर फिर से धरना लगा कर नारेबाजी शुरू कर दी।
ये मिला आश्वासन:
मीणा ने आश्वासन दिया कि आनासागर झील को प्रदूषण मुक्त करने के मद्देनजर राष्ट्रीय झील संरक्षण कार्यक्रम के तहत काम हो रहा है। झील में बन रहे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम पूरा होने के बाद गंदे पानी का आना भी बंद हो जाएगा। इसके साथ ही निगम प्रशासन अभियान चलाकर झील से प्लास्टिक की थैलियां व कचरा साफ कराएगा।
स्वच्छ भारत सप्ताह के तहत 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक शहर में सफाई अभियान चलाया जाएगा। मीणा ने यह भी कहा कि शहर में 500 अवैध निर्माण चिन्हित हैं। जिनके खिलाफ अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई जारी है।
शहर के 40 मामलों में भवनों को सीज करने अथवा तोड़ने के नोटिस जारी किए जा चुके हैं। आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए भी निगम द्वारा जल्दी कार्रवाई की जाएगी। टूटी सड़कों की दशा सुधारने के लिए एडीए, पीडब्ल्यूडी के साथ मिल कर काम कराया जाएगा।

ये थे प्रदर्शन में शामिल:
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष लोकेश कोठारी, पूर्व युइंकां अध्यक्ष यासिर चिश्ती, जीसीए अध्यक्ष रिछपाल चौधरी, सागर मीणा, गजेंद्र सिंह राठौड़, कुलदीप सिंह शेखावत, नरेश सारवान, हरीश सोनवाल, संदीप कनौजिया, परवेश, साजिद खान, दीपक धानका, कशिश बायला, कपिल शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
आगे की स्लाइड में है सड़क पर नारेबाजी कर प्रदर्शन करते कार्यकर्ता..