पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जनता के लिए भीख मांगनी पड़े तो कोई एतराज नहीं : गहलोत

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। पुष्कर, मसूदा, नसीराबाद.कांग्रेस संदेश यात्रा के दौरान रविवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता के लिए भीख भी मांगनी पड़े तो वे पीछे नहीं हटेंगे। वसुंधरा ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया था कि प्रदेश भीख मांगने की स्थिति में है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. चंद्रभान, केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट भी भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर जमकर बरसे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा एक अच्छा विपक्ष तो बन नहीं सकी, अच्छी सरकार क्या बनाएंगे। पिछली बार वसुंधरा ने शासन नहीं कुशासन किया था, जो प्रदेश की जनता को अच्छी तरह याद है।
इस दौरान गहलोत ने अजमेर जिले में कई विकास योजनाओं का शुभारंभ भी किया। उन्होंने प्रशासनिक अफसरों के साथ फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी भी ली। पुष्कर के मेला ग्राउंड मैदान पर आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने वसुंधरा पर जमकर हल्ला बोला।
उन्होंने वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के पांच साल के शासन को कुशासन बताते हुए जमकर आरोपों के तीर चलाए। गहलोत ने कहा कि वसुंधरा अब फिर जनता को गुमराह कर सत्ता पर काबिज होना चाहती है, लेकिन जनता उनके झांसे में नहीं आने वाली है।
भाजपा के पास आलोचना के अलावा कोई काम नहीं है। उन्होंने वसुंधरा की सुराज संकल्प यात्रा को ढकोसला बताया और कहा भाजपा पर आरोपों की कमी नहीं है क्योंकि इनकी न तो कोई नीति है, न ही कोई संस्कृति व सिद्धांत हैं। उन्होंने प्रदेश में पिछले चार साल में कराए गए विकास कार्याे का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने जनहित में कई ऐतिहासिक व सराहनीय कार्य किए है।
राज्य में कांग्रेस व केन्द्र में यूपीए की सरकार ने कभी भी साम्प्रदायिक ताकतों से समझौता नहीं किया है। जबकि भाजपा ने हमेशा जाति व धर्म के नाम पर लोगों को लड़ाया है। मसूदा संदेश यात्रा के छठे दौर में दूसरे दिन मसूदा स्कूल के खेल मैदान में रविवार शाम आयोजित आमसभा में गहलोत ने वसुंधरा राजे के आरोपों के जवाब में कहा कि राजस्थान की जनता के लिए भीख भी मांगनी पड़े तो कोई ऐतराज नहीं है। कांग्रेस सरकार ने जो वादा किया उसे पूरा करने का मन से प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन सालों से अच्छा मानसून रहा है। जिससे किसानों के चेहरों पर मुस्कराहट है। सरकार ने बिना मांगे लोगों को दिया है। सरकार संवेदनशीलता से लोगों के हित में कार्य कर रही है। सरकार की दूरदृष्टि, अच्छे फैसले लेने की क्षमता एवं अच्छा वित्तीय प्रबंधन से राजस्थान विकास दर के मामले में देश में प्रथम स्थान पर आया एवं प्रति व्यक्ति आय में भी सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सूचना का अधिकार, मनरेगा, शिक्षा का अधिकार जैसे कानून दिए, शीघ्र ही खाद्य सुरक्षा बिल एवं भूमि अधिग्रहण बिल लाने जा रही है जिससे गरीबों व किसानों का भला होगा।